सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की तबीयत खराब, लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती
समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव की फिर तबीयत खराब हो गई है। उन्हें लखनऊ के लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती किया गया है।
लखनऊ, जेएनएन । समाजवादी पार्टी के संरक्षक व पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की फिर तबीयत खराब हो गई है। उन्हें लखनऊ के लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती किया गया है। चिकित्सकों का कहना है कि उनको हाई शुगर की समस्या से चलते भर्ती किया गया है। जांच में उनका ब्लड शुगर हाई पाया गया। अब उनकी हालत स्थिर है।
लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के निदेशक डॉ. एके त्रिपाठी के मुताबिक पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह का मुंह सूख रहा था। रविवार दोपहर उन्हें दिक्कत महसूस हुई। ऐसे में डॉक्टर ने भर्ती की सलाह दी। साढ़े चार बजे के करीब उन्हें लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान लाया गया। यहां जांच में ब्लड शुगर हाई मिली। ऐसे में प्राइवेट रूम में भर्ती कर उनका इलाज शुरू कर दिया गया है। दवा चलने के बाद हालत में सुधार है।
मुलायम सिंह हाईपर ग्लाईसिमिया (हाईपर टेंशन) और हाईपर डायबीटीज की समस्या से पीड़ित हैं। फिलहाल उन्हें लोहिया इंस्टिट्यूट के सेकेंड फ्लोर पर प्राईवेट वार्ड में भर्ती किया गया है। इससे पहले उन्हें तबीयत खराब होने पर संजय गांधी पीजीआई में भर्ती किया गया था।
पत्नी व बहू सेवा के लिए रहीं मौजूद
पूर्व मुख्यमंत्री की सेवा के लिए अस्पताल में पत्नी साधना व बहू डिंपल शाम को मौजूद रहीं। इस दौरान पूर्व मंत्री अहमद हसन भी उन्हें देखने अस्पताल पहुंचे।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप