सांसद मेनका गांधी ने सुल्तानपुर में निकाली गांधी संकल्प पदयात्रा, सुनी लोगों की समस्याएं Sultanpur News
सांसद मेनका गांधी दो दिवसीय दौरे पर सुल्तानपुर में हैं। महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती पर संकल्प पदयात्रा निकाल कई कार्यक्रमों में होंगी शामिल।
सुल्तानपुर, जेएनएन। सांसद मेनका गांधी बुधवार को दो दिवसीय दौरे पर जिले पहुंची हैं। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मंत्री का जोरदार स्वागत किया। वह लखनऊ एयरपोर्ट से सड़क मार्ग से होकर सुल्तानपुर पहुंची और महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती के अवसर पर गांधी संकल्प पदयात्रा का शुभारंभ किया। इस दौरान उनके साथ में भाजपा के काशी प्रांत उपाध्यक्ष रामचंद्र मिश्र व अन्य मौजूद रहे। लोगों का अभिवादन स्वीकारते व उनकी समस्याओं को सुनते हुए वह आगे बढ़ रही हैं।
इस दौरान सांसद मेनका ने कहा कि कल 31 अक्टूबर को पदयात्रा का सम्पूर्ण समापन हो जाएगा। कश्मीर में यूरोपीय सांसदों के दौरे पर राहुल गांधी के ट्वीट पर पूछे गए सवाल के जवाब में मेनका गांधी ने कहा कि किसी भी भारतीय सांसद को वहां जाने से रोका नहीं गया है। यह सब मनगढ़ंत कहानियां हैं। जो चाहे जा सकता है। बहुत से लोग वहां जा रहे हैं।
यह यात्रा दरियापुर तिराहा, बाधमंडी, राहुल चौराहा, लालडिग्गी चौराहा होते हुए सुपर मार्केट स्थित महात्मा गांधी एवं पं.दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा के पास पहुंचेगी। वहां कार्यकर्ता प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद विभिन्न चौराहों से होते हुए अन्य महापुरुषों की प्रतिमाओं पर भी माल्यार्पण किया जाएगा। पदयात्रा के बाद 2 बजे शहर के शाहगंज चौराहे पर नुक्कड़ सभा को संबोधित करेंगी।
तीन बजे धनपतगंज ब्लाक के धनजई गांव में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी। 31 अक्टूबर को कूरेभार ब्लाक के सिरवारा गांव में निर्मित गोशाला का 10.30 बजे उदघाटन करेंगी। इसके बाद पं.रामनरेश त्रिपाठी सभागार में विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र देंगी। यहीं पर संकल्प पद यात्रा का समापन समारोह भी संपन्न किया जाएगा। तत्पश्चात देवरी में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद लखनऊ रवाना हो जाएंगी।कार्यक्रम की तैयारी के बाबत सांसद प्रतिनिधि रणजीत कुमार,पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल, जिला महामंत्री शशीकांत पांडे, संयोजक बबिता तिवारी, दिनेश चौरसिया आदि को जिम्मेदारी सौंपी गई है।