अमर सिंह की भाजपा से बढ़ी नजदीकियां, इन्वेस्टर्स समिट में पहुंचे
अमर सिंह की बीते एक वर्ष से भाजपा के साथ नजदीकियां बढ़ी हैं। वह अकसर भाजपा और नरेंद्र मोदी की तारीफ करने से भी नहीं चूकते हैं।
लखनऊ (जेएनएन)। अखिलेश यादव के अध्यक्ष बनने के बाद से समाजवादी पार्टी के बाहर होने वाले अमर सिंह की अब भारतीय जनता पार्टी से नजदीकी बढ़ रही है। इसी कारण राज्यसभा सदस्य अमर सिंह को यूपी इन्वेस्टर्स समिट में न्यौता दिया गया। अमर सिंह ने कल इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में देश के उद्योग जगत की नामचीन हस्तियों के साथ ही केंद्रीय मंत्रियों के साथ यूपी इन्वेस्टर्स समिट में शिरकत की।
राज्यसभा सदस्य अमर सिंह कल लखनऊ में यूपी इन्वेस्टर्स समिट में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मेहमान थे। इस समिट में देश विदेश के कारोबार के दिग्गज हिस्सा ले रहे हैं। समिट में आज सांसद अमर सिंह ने हिस्सा लेकर सबको चौंका दिया है। अमर सिंह की देश के बड़े कारोबारियों की बीच अच्छी पैठ मानी जाती है।
उद्योग जगत में अमर सिंह के कारोबारियों से करीबी रिश्ते किसी से छिपे नहीं हैं। समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान राज्य में जो भी उद्योग स्थापित हुए थे, उन्हें प्रदेश में लाने का श्रेय अमर सिंह को जाता है। उस समय मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव थे और अमर उद्योग परिषद के अध्यक्ष थे। उस वक्त प्रदेश में बगैर अमर सिंह की अनुमति के कोई भी बड़ा फैसला नहीं होता था।
समय बदलने के साथ बाद में अमर सिंह के मुलायम सिंह से रिश्तों में कड़वाहट आ गयी, लेकिन बाद में रिश्ते बेहतर हुए तो मुलायम सिंह यादव ने उन्हें फिर से राज्यसभा का सदस्य बना दिया गया। जैसे ही अखिलेश यादव ने सपा की बागडोर अपने हाथ में ली तो उन्हें अमर सिंह को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया।
अमर सिंह की बीते एक वर्ष से भाजपा के साथ नजदीकियां बढ़ी हैं। वह अकसर भाजपा और नरेंद्र मोदी की तारीफ करने से भी नहीं चूकते हैं। गुजरात विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने भाजपा के पक्ष में मतदान करने का बयान भी दिया था। एक बार फिर राज्यसभा सदस्य अमर सिंह ने इंवेस्टर्स समिट में हिस्सा लेकर राजनैतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। इससे एक बात साफ होती है कि पिछले दरवाजे से अमर सिंह और भाजपा में कुछ न कुछ चल रहा है। जाहिर है सरकार की तरफ से अमर सिंह को भी न्योता दिया गया होगा।