विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चार वर्ष में 59 लाख ईमेल ID का काला कारोबार, बांग्लादेश से क्रिप्टो करेंसी से आए 80 लाख रुपये

Published: Mon, 23 Nov 2026 07:42 PM (IST)

E Mail ID Misused : एटीएस देश के विभिन्न हिस्सों में फैले संपर्कों की कड़ियां जोड़कर इस नेटवर्क की वास्तविक प्रकृति और इसके संचालकों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। 

लाखों ईमेल आईडी का कारोबार

लाखों ईमेल आईडी का कारोबार 

HighLights

  1. कानपुर से गिरफ्तार अंकित शंखवार को इस वर्ष मिला सर्वाधिक 40 लाख रुपये

  2. उत्तर प्रदेश समेत देशभर में फैले संपर्कों की तलाश में एटीएस ने शुरु की छापेमारी

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। लाखों ईमेल आईडी का कारोबार करने वाले अंकित शंखवार के लैपटाप से एटीएस को डिजिटल नेटवर्क की कई अहम कड़ियां मिली हैं। कानपुर से गिरफ्तार अंकित के लैपटाप का पासवर्ड खुलने के बाद करीब 59 लाख ईमेल आईडी उपलब्ध कराने का विवरण सामने आया है। इनमें लगभग 22 लाख जीमेल आईडी हैं।

याहू समेत अन्य ईमेल सेवा प्रदाताओं की आइडी भी बड़ी संख्या में उपलब्ध कराई गई थीं। बीते चार वर्षों में इस कारोबार से जुड़े करीब 80 लाख रुपये के लेनदेन के सुराग मिले हैं। जांच में बांग्लादेश से क्रिप्टो के माध्यम से भुगतान की कड़ी भी सामने आई है। वर्ष 2026 में ही वहां से करीब 40 लाख रुपये आने के संकेत हैं।

एटीएस अब इस डिजिटल कारोबार के पीछे सक्रिय लोगों, भुगतान करने वालों और ईमेल आइडी खरीदने वालों की पहचान में जुटी है। जांच एजेंसियों के लिए सबसे अहम सवाल है कि इतनी बड़ी संख्या में ईमेल आइडी किस उद्देश्य से खरीदी गईं और उनका इस्तेमाल किन गतिविधियों में किया गया।

पूछताछ में अंकित शंखवार ने बताया कि इंटरनेट मीडिया के माध्यम से उसका संपर्क बांग्लादेश में बैठे एक व्यक्ति से हुआ था। उस व्यक्ति ने बड़ी संख्या में ईमेल आइडी खरीदने की बात कही थी। डिजिटल कारोबार का हवाला देकर बल्क में आइडी की मांग की गई थी। इसके बाद अंकित ने ईमेल आइडी उपलब्ध कराना शुरू किया।

जांच में वर्ष 2026 के दौरान बांग्लादेश से क्रिप्टो के जरिए करीब 40 लाख रुपये के भुगतान के संकेत मिले हैं। एटीएस अब क्रिप्टो वालेट और लेनदेन की कड़ियां जोड़कर रकम भेजने वाले और उसे प्राप्त करने वाले की पहचान कर रही है।

अंकित के संपर्क में देश के अलग-अलग राज्यों के कई लोगों के होने की जानकारी भी सामने आई है। ये लोग ईमेल आइडी तैयार कराने और उपलब्ध कराने में मदद करते थे। एटीएस उनके नाम और भूमिका का सत्यापन कर रही है। मोबाइल, लैपटाप, ईमेल, चैट और भुगतान संबंधी डिजिटल साक्ष्यों का मिलान किया जा रहा है। संबंधित ईमेल सेवा प्रदाताओं से भी आइडी के इस्तेमाल और गतिविधियों की जानकारी मांगी जा रही है।

जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि इन मेल आईडी का इस्तेमाल केवल डिजिटल कारोबार में किया जा रहा था या किसी संगठित नेटवर्क के संपर्क, संदिग्ध प्रचार अथवा अन्य गतिविधियों में भी इनका उपयोग हुआ। 59 लाख ईमेल आइडी का यह आंकड़ा अब जांच का केंद्र बन गया है।

एटीएस देश के विभिन्न हिस्सों में फैले संपर्कों की कड़ियां जोड़कर इस नेटवर्क की वास्तविक प्रकृति और इसके संचालकों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। अंकित को 28 अक्टूबर को कानपुर से गिरफ्तार किया गया था। उसकी छह दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड 17 नवंबर सुबह 11 बजे से 23 नवंबर शाम छह बजे तक थी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।