Moon Eclipse: साल का पहला चंद्र ग्रहण आज, इसमें नहीं लगेगा सूतक; जानिए कितने बजे से होगा शुरू Lucknow News
विदेश में होगा चंद्र ग्रहण देश में होगी उपछाया चंद्र ग्रहण नहीं पड़ेगा असर मंदिरों में पूजा-पाठ सहित नहीं रुकेंगे अन्य आयोजन।
लखनऊ, जेएनएन। 10 जनवरी को पड़ने वाले चंद्र ग्रहण का कोई असर नहीं पड़ेगा। विदेश में दिखने वाले इस ग्रहण की उपछाया देश में दिखेगी, लेकिन मंदिरों में पूजा पाठ यथावत होगी और सूतक का मान भी नहीं होगा। आचार्य एसएस नागपाल ने बताया कि चार घंटे 50 मिनट के चंद्र ग्रहण की शुरुआत मिथुन राशि के पुनर्वसु नक्षत्र में 10 जनवरी की रात्रि 10:39 बजे होगी। रात्रि 12:39 बजे मध्य काल और 2:40 बजे मोक्ष काल होगा। उपछाया ग्रहण वह होता है, जिसमें पृथ्वी, चंद्रमा और सूर्य एक सीध में होने के बजाय पृथ्वी की हल्की सी छाया चंद्रमा पर पड़ती है।
21 जून को होगा सूर्य ग्रहण, पड़ेगा प्रभाव
इस साल 21 जून को लगने वाला पहला सूर्य ग्रहण भारत में दिखाई देगा जबकि 14 दिसंबर को पडऩे वाला दूसरा सूर्य ग्रहण देश में नहीं दिखेगा। इसका प्रभाव राशियों पर भी पड़ेगा। आचार्य अनुज पांडेय ने बताया कि अपने ईष्ट देव का नाम जपने से ग्रहण का प्रभाव कम होता है। ग्रहण का सूतक लग जाने से लेकर ग्रहण समाप्ति तक मंदिर में प्रवेश नहीं करना चाहिए। ग्रहण के दौरान न तो भोजन करना चाहिए और न ही बनान चाहिए। ग्रहण के दौरान बच्चे, बुजुर्ग, रोगी फलाहार कर सकते हैं। ग्रहण से पहले भोजन सामग्री जैसे दूध, दही व घी सहित अन्य खाद्य सामग्रियों पर कुश रखने से ग्रहण का प्रभाव नहीं पड़ता। गर्भवती पेट अथवा नाभि पर गाय के गोबर या गेरू का पतला लेप लगाएं।