राजा भैया से मिले BJP प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, यूपी चुनाव में 11 सीटों के समीकरण साधने में जुटी पार्टी
एमएलसी चुनाव को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह (राजा भैया) से मुलाकात की।

पंकज चौधरी ने राजा भैया से मुलाकात की।
HighLights
पंकज चौधरी ने एमएलसी चुनाव हेतु राजा भैया से भेंट की।
भाजपा को कई सीटों पर अंदरूनी लड़ाई से चुनौती मिल रही।
देवेंद्र प्रताप सिंह की नाराजगी ने भाजपा की चिंता बढ़ाई।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। एमएलसी चुनाव को लेकर प्रदेश का राजनीतिक पारा चढ़ता जा रहा है। पूरी ताकत झोंकने के बावजूद अंदरूनी लड़ाई की वजह से 11 सीटों में से कई पर भाजपा पर गणित फंसा नजर आ रहा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और एमएलसी गोविंद नारायण शुक्ला ने कुंडा के विधायक एवं जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह (राजा भैया) से मुलाकात की। चर्चा है कि पंकज चौधरी ने कई सीटों पर पार्टी का समीकरण मजबूत करने के लिए बातचीत की है।
एमएलसी चुनावों में ज्यादातर अवसरों पर राजा भैया भाजपा का समर्थन करते रहे हैं। पंकज चौधरी ने भले ही इसे शिष्टाचार भेंट बताया, लेकिन मिलने की टाइमिंग को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज हुई है।
भाजपाई मानते हैं कि लखनऊ खंड स्नातक, वाराणसी की दोनों सीटें, गोरखपुर-फैजाबाद, आगरा एवं इलाहाबाद-झांसी खंड समेत कई सीटों पर पार्टी के लिए राह आसान नहीं है। उधर, गोरखपुर-फैजाबाद खंड से स्नातक सीट से कई बार से एमएलसी चुने जा रहे देवेंद्र प्रताप सिंह के बगावती सुरों ने भाजपाई खेमे में चिंता बढ़ाई है।
उन्हें 12 अक्टूबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम में मंच पर स्थान नहीं मिला , जिससे वो नाराज होकर चले गए थे। सोमवार को उनका एक पत्र इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने से नाराजगी की चर्चा को हवा मिली। माना जा रहा है कि वो सपा के प्रत्याशी संजयन त्रिपाठी का समर्थन कर सकते हैं।
