'सपा के दो राज्यसभा टिकट, एक पूंजीवाद और दूसरा परिवारवाद को', पंकज चौधरी ने विपक्ष पर बोला हमला
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सपा पर राज्यसभा टिकटों को लेकर परिवारवाद और पूंजीवाद का आरोप लगाया। उन्होंने अयोध्या ...और पढ़ें

सपा के दो राज्यसभा टिकट, एक पूंजीवाद और दूसरा परिवारवाद को: पंकज चौधरी।
HighLights
पंकज चौधरी ने सपा पर परिवारवाद-पूंजीवाद का आरोप लगाया।
शिक्षक एमएलसी चुनाव को 2027 का रिहर्सल बताया।
भाजपा सरकार की शिक्षा क्षेत्र में उपलब्धियां गिनाईं।
जागरण संवाददाता, अयोध्या। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि सत्ता परिवर्तन के लिए एसआईआर में वोट चोरी के नाम पर सपा व कांग्रेस सहित विपक्षी दल नौजवानों को गुमराह कर आंदोलन कर रहे हैं। इसको पूरा देश याद रखेगा। रामनगरी में ‘दैनिक जागरण’ से बात करते हुए केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री ने कहा कि सपा पर कटाक्ष किया।
उन्होंने कहा कि सपा पीडीए का नारा देती है लेकिन राज्यसभा के दो टिकट एक परिवारवाद व दूसरा पूंजीवाद को दिया। भाजपा ने अपने कार्यकर्ताओं सहित सभी जाति-वर्ग को राज्यसभा में स्थान दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के नेता दिल्ली और उत्तर प्रदेश में अलग-अलग स्तर पर अराजकता का माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं। इससे पहले अवध विश्वविद्यालय के स्वामी विवेकानंद प्रेक्षागृह में आयोजित शिक्षक मतदाता सम्मेलन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि शिक्षक केवल शिक्षा नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों को जीवन की दिशा दिखाने के साथ राष्ट्र का भविष्य भी गढ़ते हैं। लोकतंत्र की असली ताकत मतदाता का विश्वास है और प्रत्येक वोट लोकतंत्र को मजबूत बनाता है।
केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और प्रदेश की योगी सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की सोच शिक्षित समाज के निर्माण की है, क्योंकि समझदार और शिक्षित समाज ही राष्ट्र निर्माण में प्रभावी भूमिका निभा सकता है।
शिक्षक हितों की चर्चा करते हुए चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने शिक्षकों के पारदर्शी स्थानांतरण की व्यवस्था की है। वित्तविहीन और स्ववित्तपोषित विद्यालयों के शिक्षकों के हितों में योजनाएं लागू की गई हैं। आपरेशन कायाकल्प और प्रोजेक्ट अलंकार के माध्यम से विद्यालयों की आधारभूत संरचना मजबूत की गई।
उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में 1.65 लाख प्राथमिक शिक्षकों की भर्ती की गई है। साथ ही राजकीय शिक्षकों, अशासकीय शिक्षकों तथा पांच हजार से अधिक प्रधानाचार्यों के चयन किया गया। उन्होंने शिक्षक मतदाताओं से शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी ध्रुव त्रिपाठी के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी, प्रदेश मंत्री शिवभूषण सिंह, अवधेश श्रीवास्तव, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, रामचंद्र यादव, चंद्रभान पासवान, अभय सिंह, अमित सिंह चौहान, पूर्व सांसद लल्लू सिंह, जिला पंचायत प्रशासक रोली सिंह, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवधेश पांडेय बादल, महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव और जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी, अंबेडकर नगर जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल, सहित विभिन्न जिलों के जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।
संपर्क-संवाद के सहारे प्रबुद्ध वर्ग में पैठ मजबूत करेगी भाजपा
अवध विश्वविद्यालय के श्रीराम शोध पीठ में आयोजित बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को मतदाताओं से लगातार संपर्क और संवाद बनाए रखने का मंत्र दिया।
उन्होंने कहा कि निरंतर संपर्क और संवाद के माध्यम से विपक्षी विचारधारा से प्रभावित व्यक्ति को भी भाजपा की विचारधारा से जोड़ा जा सकता है। कार्यकर्ता मतदाताओं के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखें और पार्टी की नीतियों एवं विचारों को उन तक पहुंचाएं।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 11 सीटों पर होने वाले चुनाव को वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के रिहर्सल के रूप में देखा जाना चाहिए। चुनाव में मिलने वाली सफलता कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए नया उत्साह और ऊर्जा प्रदान करेगी। कहा कि शिक्षक एमएलसी चुनाव प्रबुद्ध वर्ग से जुड़ा चुनाव है।
व्यक्तिगत संपर्क, संवाद और पार्टी के विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना आवश्यक है। उन्होंने संगठन की मजबूती के लिए आपसी समन्वय और सक्रियता पर भी जोर दिया। बैठक में अयोध्या महानगर के साथ अंबेडकरनगर, गोंडा, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, अमेठी और सुल्तानपुर की जिला इकाइयों के पदाधिकारी शामिल हुए।
