भाजपा नेताओं पर बदमाशों ने किया जानलेवा हमला, दो लाख लूटे Bahraich News
बहराइच में भाजपा युवा मोर्चा के जिला मंत्री व भाजपा नगर कोषाध्यक्ष पर जानलेवा हमला। 21 लोगों पर मुकदमा दर्ज।
बहराइच, जेएनएन। भाजपा युवा मोर्चा के जिला मंत्री व भाजपा नगर कोषाध्यक्ष पर दबंगों ने उस समय हमला कर दिया जब वह गुरुवार को अपने गोदाम से पैसे जमा करने के लिए बैंक जा रहे थे। दबंगो ने भाजपा नेताओं की पिटाई कर दो लाख रूपयों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। पीडि़त की तहरीर पर 21 लोगों के खिलाफ लूट, मारपीट आदि का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच -पड़ताल कर रही है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के किला निवासी भाजपा नगर कोषाध्यक्ष अशोक कुमार गुप्ता का मुहल्ले के खलार में गोदाम है। वह युवा मोर्चा के जिला मंत्री अमित शर्मा के साथ गोदाम पहुंचे। गोदाम पर तैनात चौकीदार संजीव शुक्ला ने उन्हें बताया कि कुछ लोग गोदाम के पास क्रिकेट खेल रहे हैं और बार-बार बाल गोदाम में आने के दौरान वे जबरन चाहरदीवारी फांदकर गोदाम में आ जाते हैं। बताया गया कि भाजपा नेताओं ने उनको समझाने का प्रयास किया तो मारपीट पर उतारू हो गए। आरोप है कि तकरीबन दोपहर 12 बजे अशोक गोदाम से दो लाख रुपयों को लेकर अमितअके साथ बैंक जाने के लिए निकले। गेट पर पहुंचते ही नाजिरपुरा निवासी कल्लन अपने 20 साथियों के साथ भाजपा नेताओं पर लाठी, डंडो व चाकू से हमला बोल दिया। हमलावर नोटों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। चाकू लगने से कोषाध्यक्ष जख्मी हो गए, जबकि जिला मंत्री को भी चोटें आईं। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।
कोतवाल सर्वेंदु कुमार ने बताया कि नाजिरपुरा के कल्लन समेत 21 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापामारी कर रही है।