चाचा के अभद्र व्यवहार से परेशान किशोरी ने खाया जहर, हालत गंभीर
श्रावस्ती में चाचा के अभद्र व्यवहार व मारपीट से परेशान किशोरी ने खाया जहर चाचा पर मुकदमा दर्ज।
श्रावस्ती, जेएनएन। गिलौला थाना क्षेत्र के कटार गांव में अपने सगे चाचा के अभद्र व्यवहार व मारपीट से परेशान होकर एक किशोरी ने रविवार शाम को कोई जहरीला पदार्थ खा लिया। गंभीरावस्था में उसे सीएचसी गिलौला में भर्ती कराया गया। हालत में सुधार न होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आत्महत्या के लिए प्रेरित करने, मारपीट, गाली-गलौज आदि का मामला दर्ज किया है।
यह है मामला
मामला गिलौला थाना क्षेत्र के कटार गांव का है। यहां कटार गांव निवासी अर्जुन प्रसाद व राजेश कुमार दोनों सगे भाई हैं। इनके बीच हिस्से की जमीन के लिए विवाद चल रहा है। इसको लेकर शुक्रवार को दोनों पक्षों में मारपीट व कहासुनी हुई थी। राजेश की पत्नी राजेश्वरी देवी की तहरीर पर पुलिस ने अर्जुन प्रसाद उनकी पत्नी व पुत्र सूर्य प्रकाश व राजू के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कर किया। रविवार को फिर अर्जुन प्रसाद ने राजेश की 13 वर्षीय पुत्री को अकेला पाकर अभद्र व्यवहार के साथ अश्लील बातें कहीं। जिससे आहत होकर उसने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया। किशोरी की तहरीर पर पुलिस ने अर्जुन प्रसाद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष केके यादव ने बताया कि जमीनी विवाद के करण दोनों सगे भाइयों के बीच तनाव रहता है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।