घर से किशोर को बुलाकर ले गया युवक, दूसरे दिन मिली लाश-शरीर पर थे यातना के निशान Sitapur News
सीतापुर के लहरपुर में 24 घंटे से लापता किशोर का मिला शव। परिवारीजनों ने जताई हत्या की आशंका।
सीतापुर, जेएनएन। जिले के कोतवाली लहरपुर इलाके में 24 घंटे से लापता किशोर का शव शनिवार शाम गन्ने के खेत में मिला। किशोर को घर से एक युवक बुलाकर ले गया था जिसके बाद से उसका कोई पता नहीं था। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ हत्या का केस दर्जकर गिरफ्तार कर लिया है। वहीं लोग दुष्कर्म के विरोध में हत्या की आशंका जता रहे हैं। घटना से गांव में तनाव का माहौल है। वहीं बच्चे के चेहरे और गले पर चोट के निशान थे।
यह है मामला
लहरपुर इलाके के एक गांव का 14 वर्षीय किशोर शुक्रवार को घर में था। परिवारजन का कहना है कि गांव का शत्रोहन उनके बेटे को बुलाकर ले गया था। इसके बाद वह घर लौटकर नहीं आया था। काफी तलाश के बाद पता न चलने पर पिता ने शत्रोहन पर बेटे को अगवा करने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस और परिवारजन किशोर की तलाश कर रहे थे। शनिवार दोपहर गांव के बाहर गन्ने के खेत में उसका शव बरामद हुआ।
चश्मदीदों के अनुसार मृतक के शरीर पर चोटों के निशान थे, लेकिन गले पर कसाव के निशान पाए गए हैं, इससे माना जा रहा है कि गला दबाकर हत्या उसकी हत्या की गई है। इंस्पेक्टर लहरपुर अनिल पांडेय ने बताया कि मृतक के परिवार से आरोपित की कोई दुश्मनी नहीं थी। अपहरण के मामले को हत्या में तरमीम कर आरोपित को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। प्रथम दृष्टया दुष्कर्म का मामला नहीं लग रहा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुष्टि होने पर धारा बढ़ा दी जाएगी।