केन्द्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी बोले-जिन्ना इस देश के लिए खलनायक थे और रहेंगे
Hunar Haat Lucknow लखनऊ के अवध शिल्पग्राम में लगने वाला हुनर हाट की तैयारी परखने के बाद केन्द्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि जिन्ना इस देश के लोगों के लिए हमेशा खलनायक थे हैं और रहेंगे।
लखनऊ, जेएनएन। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष तथा उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के पाकिस्तान संस्थापक मोहम्मद अली जिन्ना की प्रशंसा करने पर मुख्तार अब्बास नकवी ने तंज कसा है। लखनऊ में 12 नवंबर से शुरू होने वाले हुनर हाट मेले की तैयारी परखने गुरुवार को पहुंचे नकवी ने जिन्ना को लेकर अपनी भी प्रतिक्रिया व्यक्त की।
लखनऊ के अवध शिल्पग्राम में लगने वाला हुनर हाट की तैयारी परखने के बाद केन्द्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि जिन्ना इस देश के लोगों के लिए हमेशा खलनायक थे, हैं और रहेंगे। इस प्रकरण पर उन्होंने समाजवादी पार्टी का नाम लिए बगैर कहा कि कुछ लोगों को जिन्ना आज याद आ रहे हैं। देश में जो लोग आजादी का जश्न मनाते हैं, उनके लिए जिन्ना न सिर्फ खलनायक हैं बल्कि देश के विभाजन के लिए दोषी भी हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद पर भी हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ऐसी 'नान परफार्मिंग' पार्टी है जिसके नेता आज बहके बहके बेसुरे बयान दे रहे हैं। कांग्रेस ने हमेशा बांटो और राज करो की नीति अपनाई है।