Coronaviru Lockdown : आंध्र प्रदेश और गुजरात से लौटे 125 श्रमिक, पुलिस से हुई नोकझोंक
आंध्र प्रदेश और गुजरात गेगासो गंगा पुल पर रायबरेली में प्रवेश न मिलने से उग्र हुए मजदूर पुलिस से हुई नोकझोंक।
रायबरेली, जेएनएन। रविवार को आंध्र प्रदेश और गुजरात से करीब 875 श्रमिक बस, डीसीएम और पिकअप पर सवार होकर फतेहपुर होते हुए रायबरेली की सीमा गेगासो गंगा पुल पहुंच गए। पुलिस ने उन्हें रोका तो मजदूर उग्र हो गए। माहौल बिगड़ता देख प्रशासन को सूचना दी गई। जिसके बाद एसडीएम, सीओ व स्वास्थ्य विभाग की टीम वहां पहुंची। जिसके बाद परमिट वाले वाहनों को जाने दिया गया। अभी रायबरेली और अमेठी के करीब 125 श्रमिकों को वहीं रैन बसेरे में रोका गया है। अधिकारियों ने बताया कि वाहन का इंतजाम कर इन्हें इनके घर भेजा जाएगा।
दोपहर करीब 12 बजे ये श्रमिक गेगासो पुल पर पहुंचे। बैरियर लगा होने के कारण उनके वाहन पुल पर रुक गए। गेगासो पुलिस को जब ये पता चला कि वे लोग आंध्र प्रदेश और गुजरात से आए हैं तो उन्होंने रास्ता न खोलने की बात कही। इसी बात को लेकर हंगामा शुरू हो गया। 13 बस, पांच डीसीएम और आठ पिकअप गाड़ियों से ये लोग आए थे। इनमें रायबरेली के अलावा अमेठी, सुल्तानपुर और बाराबंकी के लोग भी शामिल हैं। एसडीएम जीतलाल सैनी ने मौके पर जाकर परमिट वाली गाड़ियाें को सुल्तानपुर और बाराबंकी के लिए रवाना कर दिया। अमेठी और रायबरेली के लोगों लेकर आए वाहन चालक मय गाड़ी पुल से लौट गए। ऐसे 125 लोगों को गेगासो के रैन बसेरा में रोका गया है। एसडीएम जीतलाल सैनी ने बताया कि सभी श्रमिकों का नाम पता नोट करके इन्हें इनके घर भेज दिया जाएगा।