कांग्रेसी नेताओं का मानसिक संतुलन बिगड़ा, उपचार की सख्त जरूरत : भाजपा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ ने मणिशंकर की प्रधानमंत्री पर टिप्पणी पर एतराज जताया और कहा कि कांग्रेसी नेताओं का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है।
लखनऊ (जेएनएन)। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय ने पूर्व केंद्रीय मंत्री मणिशंकर अय्यर की प्रधानमंत्री पर की गई टिप्पणी पर कड़ा एतराज जताया और कहा कि इसी तरह की भाषा प्रियंका गांधी ने प्रयोग किया तो जनता ने लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को सबक सिखा दिया। पांडेय ने अय्यर के बयान की निंदा करते हुए कहा कि कांग्रेस हिमांचल प्रदेश और गुजरात में बुरी तरह पराजय के स्पष्ट संकेत महसूस कर चुकी है। हार नजदीक देखकर हताशा में कांग्रेसी नेताओं का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है। कांग्रेसी नेता मानसिक दिवालिएपन के शिकार हो गए हैं।
कांग्रेसी नेताओं को मानसिक उपचार की जरूरत
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि ऐसे में कांग्रेसी नेताओं को मानसिक रुग्णालय में इलाज कराने की सख्त जरूरत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के गौरव हैं। उनके प्रति अशोभनीय टिप्पणी भारत और संपूर्ण भारतवासियों का अपमान है। बौखलाई कांग्रेस की इस भाषा का माकूल जवाब गुजरात की जनता चुनावों में देगी। कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को अपने वरिष्ठ नेता के इस आपत्तिजनक बयान पर देश से माफी मांगनी चाहिए।