विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी टी-20 लीग: लखनऊ फाल्कंस को पहले खिताब का इंतजार, मेरठ दूसरी बार ट्रॉफी जीतने को बेकरार; फाइनल मुकाबला आज

Published: Sun, 06 Sep 2026 09:05 AM (IST)Updated: Sun, 06 Sep 2026 09:07 AM (IST)

यूपी टी-20 लीग सीजन-4 का फाइनल रविवार को इकाना स्टेडियम में मेरठ मावेरिक्स और लखनऊ फाल्कंस के बीच होगा। मेरठ ...और पढ़ें

यूपी टी-20

यूपी टी-20

HighLights

  1. यूपी टी-20 लीग फाइनल: मेरठ मावेरिक्स और लखनऊ फाल्कंस के बीच महामुकाबला।

  2. लखनऊ फाल्कंस पहली बार घरेलू मैदान पर खिताब जीतने को बेताब।

  3. रिंकू सिंह की मेरठ मावेरिक्स लगातार चौथी बार फाइनल में पहुंची।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। यूपी टी-20 लीग सीजन-चार अब अपने आखिरी और सबसे रोमांचक पड़ाव पर पहुंच गया है। रविवार को अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में होने वाले ग्रैंड फिनाले में रिंकू सिंह की मेरठ मावेरिक्स और भुवनेश्वर कुमार की लखनऊ फाल्कंस की टीमें आमने-सामने होंगी।

मेरठ की टीम लगातार चौथी बार फाइनल में पहुंची है, जबकि लखनऊ पहली बार खिताबी मुकाबला खेलेगी। दोनों टीमें बेहद संतुलित और शानदार लय में हैं। ऐसे में खेलप्रेमियों को रोचक मुकाबला देखने को मिल सकता है।

लखनऊ के पास घरेलू दर्शकों के सामने इतिहास रचने का मौका

इकाना स्टेडियम लखनऊ फाल्कंस के लिए रविवार को सिर्फ फाइनल का मैदान नहीं होगा, बल्कि टीम के लिए इतिहास बनाने का मंच भी होगा। पूरे टूर्नामेंट में टीम ने जिस आत्मविश्वास के साथ प्रदर्शन किया है, उसे खिताबी मुकाबले में बरकरार रखना उसके लिए सबसे बड़ी चुनौती होगी।

इन पर रहेगी टीम की नजर

टीम की बल्लेबाजी में शीर्षक्रम से तेज शुरुआत और मध्यक्रम से बड़े स्कोर की उम्मीद होगी। खासकर मोहम्मद सैफ, अजीत वर्मा, विप्रज निगम और विकेटकीपर बल्लेबाज आराध्य यादव पर नजर रहेगी, जबकि गेंदबाजों कप्तान भुवनेश्वर कुमार, अभिनंदन सिंह और विप्रज निगम के सामने मेरठ के आक्रामक बल्लेबाजों को शुरुआती ओवरों में रोकने की जिम्मेदारी होगी। लखनऊ की टीम मैच के दबाव को संभालकर अपनी रणनीति पर अमल करने में सफल रही तो घरेलू दर्शकों को जश्न मनाने का मौका मिल सकता है।

मेरठ की नजर लगातार दूसरी ट्रॉफी पर

रिंकू सिंह की कप्तानी वाली मेरठ मावरिक्स के पास खिताब बचाने का मौका है। टीम को बड़े मुकाबलों का अनुभव हासिल है और यही फाइनल में उसके लिए अहम साबित हो सकता है। मेरठ की टीम दबाव के क्षणों में बेहतर फैसले लेने और मुकाबले का रुख बदलने की क्षमता के लिए जानी जाती है। टीम की कोशिश लखनऊ के घरेलू माहौल और दर्शकों के दबाव को अपने ऊपर हावी नहीं होने देने की होगी। बल्लेबाजों के साथ गेंदबाजों को भी इकाना की परिस्थितियों का फायदा उठाना होगा।

रिंकू सिंह, स्वास्तिक चिकारा के साथ यश गर्ग और जीशान अंसारी ने इस बार कमाल का प्रदर्शन किया है। टीम प्रबंधन को फाइनल में इन खिलाड़ियों से बड़ी उम्मीदें होंगी।

हमारे पास चैंपियन बनने का बड़ा अवसर: भुवनेश्वर कुमार

क्वालीफायर-1 जीतकर पहली बार फाइनल में पहुंची लखनऊ फाल्कंस के कप्तान भुवनेश्वर कुमार शनिवार को प्रेसवार्ता में कहा, हमारे पास खिताब जीतने का बड़ा अवसर है। हालांकि, टीम पर थोड़ा दबाव जरू है, लेकिन हमने ऐसे कई मुकाबले जीते हैं। मेरा मानना है कि ऐसे मौके बार-बार नहीं आते हैं। ये बात सभी खिलाड़ी अच्छी तरह जानते हैं। लखनऊ में फाइनल होने से मिलने वाले फायदे के सवाल पर भुवी ने मुस्कराते हुए कहा कि पूरा उत्तर प्रदेश ही हम सबका घर है।

भुवनेश्वर ने यूपीसीए की स्पीड हंट पहल की भी सराहना की और बताया कि इसके जरिए कई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का मौका मिला है। उन्होंने इस बारे में अपनी टीम के खिलाड़ी कृष्ण कुमार सरोज का भी उदाहरण दिया।

फाइनल के लिए पूरी तरह फिट हूं: रिंकू सिंह

एक बार की विजेता व दो बार की उपविजेता मेरठ मावरिक्स के कप्तान रिंकू सिंह ने अपनी हाथ की चोट को लेकर अच्छी खबर दी है। उन्होंने बताया कि अब वह बेहतर महसूस कर रहे हैं और फाइनल के लिए पूरी तरह तैयार हैं। रिंकू ने कहा कि हमारी टीम शानदार प्रदर्शन कर रही है। चार सीजन तक लगातार अच्छा क्रिकेट खेलना और हर बार फाइनल में पहुंचना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। हमारी टीम ने पावरप्ले में भुवनेश्वर की स्विंग का मुकाबला करने के लिए खास रणनीति तैयार की है। वह स्विंग के मास्टर हैं। हमने इसके लिए कुछ योजना बनाई है। रिंकू सिंह ने चिकारा और जीशान अंसारी के प्रदर्शन की सराहना की।

यह भी पढ़ें- यूपी टी-20 लीग के प्लेऑफ मुकाबलों के लिए रिजर्व डे रखने की तैयारी, 3 सितंबर से इकाना में होगा मुकाबला

यह भी पढ़ें- कानपुर: यूपी टी-20 लीग में बारिश का खलल, रद्द हुआ मेरठ और लखनऊ का मुकाबला