आकाश आनंद बाहर, ईशान को मिल सकती है कमान, बसपा मुख्यालय में मायावती की अहम बैठक
बसपा प्रमुख मायावती अखिल भारतीय संगठन की बैठक कर रही हैं, जिसमें आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों की समीक्षा होगी। ...और पढ़ें

HighLights
बसपा प्रमुख मायावती अखिल भारतीय संगठन की बैठक कर रही हैं।
आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी।
ईशान आनंद को पार्टी में बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। पार्टी में अपने स्वजन को जिम्मेदारी देने को लेकर पिछले दिनों लगातार फैसले करने और उनको बदलने के बाद बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती अपने अखिल भारतीय संगठन की बैठक करने जा रही हैं। बसपा प्रमुख इसमें उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब आदि राज्यों में होने वाले विधान सभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करेंगी। इस दाैरान मायावती भतीजे ईशान आनंद को बड़ी जिम्मेदारी दिए जाने की घोषणा कर सकती है।
माल एवेन्यू स्थित पार्टी मुख्यालय पर होने वाली बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय स्तर के वरिष्ठ पदाधिकारी और विभिन्न राज्यों के अध्यक्ष शामिल होंगे। चुनावी राज्यों में उम्मीदवार चयन, संगठन को सक्रिय करने और जमीनी तैयारियों की प्रगति की जानकारी ली जाएगी। आगे की तैयारियों के लिए दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। साथ ही बूथ से लेकर विधानसभा स्तर तक संगठन की सक्रियता, पिछली बैठकों में दिए गए निर्देशों के अनुपालन और आगे की चुनावी तैयारियों पर रिपोर्ट ली जाएगी।
सूत्रों के मुताबिक बसपा प्रमुख इस दाैरान संगठन के सामने ईशान आनंद की ताजपोशी भी कर सकती हैं। हालांकि इसे लेकर अभी कुछ तय नहीं है। हाल ही में मायावती ने सबसे पहले अपने बड़ी भतीजे आकाश आनंद को पार्टी से बाहर कर उनके छोटे भाई ईशान को मुख्य सेक्टर प्रभारी बनाने की घोषणा की थी। फिर दोनों भतीजों को पार्टी में कोई पद न देने और अपने भाई आनंद कुमार की पुत्री दीपिका को भविष्य में जरूरत होने पर जिम्मेदारी देने की बात कही।
इसके बाद उन्होंने आनंद कुमार के परिवार को लेकर अपने रुख में एक और बदलाव किया है। स्पष्ट किया है कि आकाश आनंद और उनकी बहन दीपिका आनंद को पार्टी में कोई जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी, जबकि छोटे भतीजे ईशान आनंद को संगठन में सम्मानजनक जिम्मेदारी देकर आगे बढ़ाया जाएगा। माना जा रहा है कि बसपा प्रमुख बुधवार की बैठक में परिवार से जुड़े हालिया फैसलों और चुनावी संगठन, दोनों को एक साथ साधने की कोशिश दिखाई दे सकती है।
