विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटीं मायावती का चुनावी दांव, 'जिताऊ के साथ टिकाऊ' को ही मिलेगा बसपा का टिकट

Published: Tue, 01 Sep 2026 04:30 AM (GMT+05:30)

मायावती ने विधानसभा चुनाव की तैयारियों में बसपा को पूरी ताकत से झोंक दिया है, संगठन की बैठक में 'जिताऊ ...और पढ़ें

चुनावी तैयारियों में जुटीं मायावती।

चुनावी तैयारियों में जुटीं मायावती।

HighLights

  1. बसपा सुप्रीमो मायावती ने विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज कीं।

  2. 'जिताऊ के साथ टिकाऊ' उम्मीदवारों को ही टिकट देने का निर्देश।

  3. बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर दिया गया जोर।

राज्य ब्यूरो, जागरण, लखनऊ। विधान सभा चुनाव की तैयारियों में बसपा पूरी ताकत से जुट गई है। पार्टी सुप्रीमो मायावती ने सोमवार को संगठन की बैठक में निर्देश दिए कि बदलते राजनीतिक हालात में तेज व प्रभावी तैयारियां की जाएं, जिससे विरोधियों के साम, दाम, दंड, भेद आदि हथकंडों का सामना कर पांचवी बार बसपा की सरकार बनाई जा सके।

प्रत्याशी चयन पर फीडबैक लेते हुए कहा कि जिताऊ के साथ टिकाऊ को ही टिकट देंगे। मायावती ने भाजपा, सपा आदि दलों के चुनावी वादों पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि महिलाओं आदि के लिए लुभावने वादे व घोषणाओं से चुनाव प्रभावित किया जाता है, लेकिन सरकार बनने पर वादाखिलाफी होने से जेन-जी व जेन-अल्फा तक को संघर्ष करना पड़ रहा है। इससे जनता को आगाह करना जरूरी है ताकि वे विरोधी पार्टियों के छलावों से बचकर चुनाव में स्वतंत्र व निष्पक्ष होकर वोट कर सकें।

सोमवार को माल एवेन्यू स्थित पार्टी मुख्यालय पर बसपा प्रमुख ने प्रदेश, मंडल के पदाधिकारियों व सभी जिलाध्यक्षों संग बैठक कर बूथ स्तर पर संगठन के पुनर्गठन की समीक्षा की। निर्देश दिए कि सेक्टर स्तर पर बैठक कर काम को जल्द पूरा किया जाए। प्रत्याशी चयन पर मायावती ने कहा कि जिताऊ के साथ ही यह भी देखा जाए कि वह टिकाऊ भी हो। पार्टी अब तक लगभग 100 प्रत्याशी तय कर चुकी है और सितंबर में यह आंकड़ा 150 के ऊपर पहुंच सकता है।

उन्होंने पार्टी नेताओं को बताया कि नौ अक्टूबर को बसपा के संस्थापक कांशीराम की पुण्यतिथि पर लखनऊ में कांशीराम स्मारक स्थल पर ही प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम होगा क्योंकि यूपी-दिल्ली सीमा पर स्थित बहुजन प्रेरणा केंद्र में काम चल रहा है। तीन सितंबर को राष्ट्रीय स्तर की बैठक में मायावती कार्यक्रम के बारे में विस्तार से बता सकती हैं। नेपाल में आई बाढ़ पर संवेदना जताते हुए बसपा प्रमुख ने कहा कि यूपी में भी बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए केंद्र व राज्य सरकारों को तुरंत आगे आना चाहिए।

बैठक में पहुंचे उमाशंकर के पुत्र युकेश, आकाश रहे गैरहाजिर

बसपा के एक मात्र विधायक रहे उमाशंकर सिंह के बेटे यूकेश सिंह भी बैठक में शामिल हुए। हाल ही उमाशंकर के निधन पर मायावती ने कहा था कि वे हमेशा उनके साथ रहे, यदि परिवार चाहेगा तो मैं उनके बेटे को राजनीति में आगे बढ़ाने का पूरा अवसर दूंगी। बैठक में उनकी उपस्थिति से कयास लग रहा है कि यूकेश अपने पिता की विधानसभा सीट रसड़ा से चुनाव लड़ सकते हैं। वहीं मायावती के भतीजे और पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद बैठक में मौजूद नहीं रहे।

यह भी पढ़ें- यूपी में किसानों की कमाई का एक और मास्टर प्लान, योगी सरकार ने दिया पॉलिसी फाइनल करने का निर्देश