'पूंजीपतियों के हित में भाजपा सरकार कर रही काम', बसपा प्रमुख मायावती ने कसा तंज
बसपा प्रमुख मायावती ने भाजपा सरकार पर बड़े पूंजीपतियों के हित में काम करने और जनहित की अनदेखी का आरोप लगाया है।

बसपा प्रमुख मायावती। (तस्वीर- फाइल)
HighLights
मायावती ने भाजपा पर पूंजीपतियों को लाभ पहुँचाने का आरोप लगाया।
उत्तराखंड, यूपी, पंजाब चुनावों की तैयारियों की समीक्षा की गई।
कांशीराम की पुण्यतिथि पर लखनऊ में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित होगा।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। बसपा प्रमुख मायावती ने भाजपा सरकार पर जनहित और जनकल्याण की अनदेखी कर बड़े पूंजीपतियों और धन्नासेठों के हित में काम करने का आरोप लगाया है। सरकार जनकल्याण पर कम ध्यान देकर बड़े पूंजीपतियों के हितों के प्रति अधिक समर्पित नजर आती है।
रविवार को पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में उत्तराखंड के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बैठक में मायावती ने विधान सभा चुनाव की तैयारियों, एसआइआर के बाद मतदाता सूची की स्थिति और प्रत्याशियों के चयन की प्रगति की समीक्षा की।
मायावती ने कमियों को समयबद्ध तरीके से दूर करने और संगठन को चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार करने के निर्देश दिए। एसआइआर के बाद उत्तराखंड की मतदाता सूची से करीब नौ लाख नाम हटाए गए हैं। उन्होंने कहा कि खासकर गरीब, युवा, महिलाएं और कमजोर तबकों के लोग अपने संविधानिक मताधिकार से वंचित न रह जाएं। इसके लिए पात्र लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराएं।
बैठक में यूपी और पंजाब के विधान सभा चुनावों की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। मायावती ने अच्छे और दमदार उम्मीदवारों के चयन की प्रगति की जानकारी ली। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को गति देने के निर्देश दिए।
बसपा संस्थापक कांशीराम की 9 अक्टूबर को होने वाली पुण्यतिथि को पूरी मिशनरी भावना से मनाने पर भी जोर दिया। मायावती ने कहा कि यूपी-दिल्ली सीमा पर बसपा सरकार द्वारा स्थापित बहुजन प्रेरणा केंद्र में रख-रखाव का सरकारी कार्य चल रहा है।
वहां बड़ी संख्या में लोगों के जुटने पर दुर्घटना की आशंका को देखते हुए इस वर्ष कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा। सभी मंडलों के लोग लखनऊ आकर कांशीराम स्मारक स्थल पर श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। वहीं, अन्य राज्यों में जोन स्तर पर संगोष्ठियों का आयोजन कर कांशीराम को श्रद्धांजलि दी जाएगी।
