मौलाना यासूब अब्बास ने ईरानी राष्ट्रपति से की मुलाकात, पश्चिम एशिया तनाव पर जताई चिंता
ऑल इंडिया शिया पर्सनल ला बोर्ड के महासचिव मौलाना यासूब अब्बास ने नई दिल्ली में ईरान के राष्ट्रपति डॉ. मसूद पेजेशकियान से मुलाकात की।

मौलाना यासूब अब्बास ने नई दिल्ली में ईरान के राष्ट्रपति डॉ. मसूद पेजेशकियान से मुलाकात की- स्वयं
HighLights
मौलाना यासूब ने ईरानी राष्ट्रपति पेजेशकियान से नई दिल्ली में मुलाकात की।
भारत-ईरान संबंधों को मजबूत करने और सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया।
पश्चिम एशिया में तनाव पर चिंता जताई, शांति की अपील की।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। ऑल इंडिया शिया पर्सनल ला बोर्ड के महासचिव मौलाना यासूब अब्बास ने नई दिल्ली में ईरान के राष्ट्रपति डॉ. मसूद पेजेशकियान से मुलाकात की। उन्होंने ईरानी राष्ट्रपति को एक पत्र सौंपा, जिसमें भारत-ईरान संबंधों को और मजबूत करने पर जोर दिया गया और ईरान पर हुए हमलों की निंदा की गई है।
मौलाना ने कहा कि पेजेशकियान की यात्रा दोनों देशों की जनता के बीच दोस्ती और आपसी समझ को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
मौलाना यासूब अब्बास ने हर तरह की हिंसा की निंदा की
मौलाना ने शिक्षा, व्यापार, संस्कृति, विज्ञान, तकनीक, कनेक्टिविटी और ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की जरूरत बताई। मौलाना ने पश्चिम एशिया में जारी तनाव पर गहरी चिंता जताई और संघर्ष को जल्द खत्म करने की अपील की।
कहा कि बातचीत और शांतिपूर्ण समाधान के जरिए ही क्षेत्र में स्थायी शांति और स्थिरता लाई जा सकती है। उन्होंने ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह सैयद अली खामेनेई की हत्या पर भी शोक व्यक्त किया।
मौलाना यासूब अब्बास ने आतंकवाद, उग्रवाद और हर तरह की हिंसा की निंदा की। उन्होंने ईरान की शांति, प्रगति और पुनर्निर्माण के लिए प्रार्थना की और उम्मीद जताई कि भारत और ईरान की ऐतिहासिक दोस्ती आने वाले समय में और मजबूत होगी।
