विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देश के कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी, दिल्ली से यूपी-बिहार तक जारी हुआ अलर्ट

Published: Sun, 13 Sep 2026 06:00 AM (IST)

मौसम विभाग ने 13 सितंबर को देश के 25 से अधिक राज्यों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी ...और पढ़ें

देश के 25 से ज्यादा राज्यों में बारिश का अलर्ट (फोटो-ANI)

देश के 25 से ज्यादा राज्यों में बारिश का अलर्ट (फोटो-ANI)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मौसम विभाग विज्ञान (IMD) ने 13 सितंबर को देश के 25 से ज्यादा राज्यो में भारी बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है।

उत्तर राजस्थान से लेकर बंगाल की खाड़ी तक बने कम दबाव के क्षेत्र और चक्रवाती परिसंचरण के कारण मानसून का नया दौर सक्रिय हुआ है। इस बदलाव के चलते मैदानी क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश, जबकि पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है।

मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के अनुसार, मानसून की सक्रियता के चलते देश के एक बड़े हिस्से में मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ रहेगा। उत्तर भारत से लेकर पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत तक बारिश और आंधी-तूफान का दौर देखने को मिल सकता है।

दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और जम्मू-कश्मीर समेत 25 से ज्यादा राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

यूपी में हल्की से मध्यम बारिश

उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। कुछ इलाकों में तेज बौछारें पड़ने और 13 से 14 सितंबर के बीच आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है।

वहीं 15 से 17 सितंबर के दौरान राज्य के पूर्वी इलाकों में भारी बारिश का अनुमान है। प्रदेश के 19 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है

बिहार में खतरे के निशान के ऊपर नदियां

बिहार में 13 सितंबर को भी बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं। 13 सितंबर को गरज-चमक और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के साथ कुछ इलाकों में बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

बिहार में 8 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।

दिल्ली-NCR में गर्मी से मिल सकती है राहत

राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में आसमान में बादल छाए रहेंगे। सुबह से दोपहर के दौरान हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

इस दौरान 30 से 35 किमी प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने का अनुमान है, जिससे अधिकतम तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री कम बना रहेगा। 13 और 14 सितंबर को कहीं-कहीं भारी बारिश भी दर्ज की जा सकती है।

बारिश से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

राजस्थान में भारी बारिश का अलर्ट

राज्य के पूर्वी हिस्सों में बारिश का असर अधिक देखने को मिलेगा। पूर्वी इलाकों में मध्यम से भारी बारिश और आंधी चलने का अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिमी इलाकों में तुलनात्मक रूप से बारिश का प्रभाव कम रहेगा।

मध्य प्रदेश में बारिश का अलर्ट

पश्चिमी और पूर्वी मध्य प्रदेश के साथ-साथ विदर्भ में भारी बारिश की संभावना है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 13 सितंबर को भारी बारिश का अनुमान है। वहीं पूर्वी मध्य प्रदेश में गरज-चमक और बिजली कड़कने के साथ-साथ मूसलाधार बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं।

मध्य प्रदेश के 15 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

वहीं अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

साथ ही उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के पर्वतीय इलाकों में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

(सोर्स-IMD)