यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 06, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Lucknow: शापिंग माल में भीषण आग, ऊपर बने फ्लैट में फंसे परिवार को दमकल कर्मियों ने सुरक्षित निकाला; एक की हालत गंभीर
नक्खास बाजार में स्थित सिटी कार्ट शापिंग माल में शनिवार रात भीषण आग लग गई। देखते-देखते आग ने विकराल रूप ...और पढ़ें

लखनऊ, जागरण संवाददाता। नक्खास बाजार में स्थित सिटी कार्ट शापिंग माल में शनिवार रात भीषण आग लग गई। देखते-देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इस बीच शापिंग सेंटर से ठीक ऊपर बने फ्लैट में रह रहे लोग फंस गए। दमकल और पुलिस विभाग के कर्मियों की मदद से फ्लैट में फंसे लोगों को सीढ़ी लगाकर सुरक्षित निकाला गया। इस दौरान एक धुएं के कारण एक की हालत बिगड़ गई। उसे एफएसओ चौक आरके यादव खुद एक दमकल कर्मी की मदद से अपने कंधे पर लादकर सीढ़ियों से नीचे उतर कर आए। उसे अस्पताल बपेजा गया।हालांकि अब उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
नक्खास तिराहे के पास स्थित सिटी कार्ट माल में शनिवार रात करीब आठ बजे एकाएक धुंआ और आग की लपटें निकलने लगीं। घटना से समय ग्राहक अंदर मौजूद थे। वह आनन फानन बाहर भागे। कर्मचारी भी बाहर भागे। देखते-देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। दमघोंटू धुंआ चारो तरफ फैल गया। इसके साथ ही आग की विकराल लपटें निकलने लगीं। लोगों ने पानी फेंककर पहले आग पर काबू पाने का प्रयास किया। पर सफलता नहीं मिली। कुछ हदी देर में दमकल की गाड़ियां लेकर चौक फायर स्टेशन से कर्मचारी और एफएसओ आरके यादव पहुंचे। सीएफओ विजय कुमार सिंह और इंस्पेक्टर चौक रत्नेश सिंह भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
शापिंग माल के ऊपर तीसरे और चौथे माले पर बने फ्लैट में कई परिवार रहते थे। परिवारों के आठ से 10 लोग फंस गए। लोग चीख पुकार कर रहे थे। दमकल कर्मियों ने बाहर से शापिंग माल ले सीढ़ी लगाई और किसी तरह ऊपर पहुंचे। चार से पांच लोगों को फ्लैटों से निकाल कर ऊपर छत पर ले जाया गया। जीने में भीषण धुंआ था जिसके कारण लोगों को निकलने में दिक्कत हो रही थी।वहीं, तीन से चार लोगोंं को माल के बाहर लगी सीढ़ी के रास्ते दमकल कर्मियों ने सुरक्षित निकाला। इस बीच धुएं के कारण एक युवक गश खाकर गिर पड़ा। उसे सुरक्षित नीचे उतार कर अस्पताल ले जाया गया।
युवक को कंधे पर लादकर चार मंजिल से नीचे उतरे एफएसओः अग्निकांड के दौरान चौथे तल पर रहने वाले कम्बर मिर्जा की धुएं के कारण हालत बिगड़ गई। वह मौके पर ही गश खाकर गिर गए। एफएसओ चौक आरके यादव सूचना मिलते ही आग और धुएं की लपटों के बीच किसी तरह ऊपर पहुंचे। वहां से कम्बर को कंधे पर लादा और आनन फानन दमकल कर्मी की मदद से नीचे लेकर पहुंचे। कम्बर को पानी पिलाया और आनन फानन अस्पताल भेजा। अस्पताल में इलाज के बाद अब कम्बर की हालत सामान्य बताई जा रही है।
धनतेरस पर हुआ था माल का उद्घाटनः लोगों ने बताया कि धनतेरस पर शोरूम का शापिंग माल का उद्घाटन हुआ था। शापिंग माल में काफी मात्रा में कपड़े और अन्य सामान भी था। आग की चपेट में आकर काफी माल जल गया। सीएफओ ने बताया कि समय रहते करीब छह गाड़ियों की मदद से दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। नहीं तो हादसा भयावह हो सकता था। फायर फाइटिंग मेंं एफएसओ और उनकी टीम का काम सराहनीय रहा।
