आज से 12 जुलाई तक 25 ट्रेनें रद, रोडवेज ने संभाला मोर्चा Lucknow news
रेलवे ने चारबाग स्टेशन पर मरम्मत कार्य के चलते लिया ब्लॉक। हर रूट पर चार-चार अतिरिक्त बसें चलाएगा रोडवेज।
लखनऊ, जेएनएन। चारबाग रेलवे स्टेशन पर चल रहे रखरखाव कार्य को लेकर 25 ट्रेनें मंगलवार से 12 जुलाई तक निरस्त रहेंगी। इसे देखते हुए परिवहन निगम प्रशासन 25 जून से 12 जुलाई के बीच यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त बसें चलाएगा। सोमवार को सप्रू मार्ग स्थित आरएम कार्यालय में एक बैठक हुई। इसमें यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त सेवाओं के संचालन के निर्देश दिए गए। तीनों बस स्टेशन चारबाग, आलमबाग व कैसरबाग से रोजाना यात्रियों की उपलब्धता के अनुसार सेवाएं चलाई जाएंगी।
स्टेशन इंचार्ज को निर्देश जारी
आरएम के मुताबिक छोटे रूटों को चिह्नित कर हर रूट पर चार-चार अतिरिक्त सेवाओं को चलाया जाएगा। इस संबंध में सभी स्टेशन इंचार्ज को आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं।
इन रूटों पर चलेंगी अतिरिक्त बसें
आलमबाग बस टर्मिनल से दिल्ली, झांसी, प्रयाग, वाराणसी, सुलतानपुर तो कैसरबाग स्टेशन से सीतापुर, बरेली और शाहजहांपुर की बसें चलेंगी। चारबाग से कानपुर और सहारनपुर मार्ग की अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। यात्रियों की उपलब्धता के आधार पर बसों का संचालन किया जाएगा। एकमुश्त सवारियां होने पर बसों को संबंधित रूट पर लगा दिया जाएगा।
वहीं, क्षेत्रीय प्रबंधक पल्लव बोस ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए परिवहन निगम अपने तीनों बस अड्डों से अतिरिक्त बसों का संचालन मंगलवार से करेगा। इसके लिए दिशा-निर्देश दिए गए हैं। यात्रियों को दिक्कत नहीं होने दी जाएगी।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप