नासा का Scientist बता ठग करता था शादी, जाल में फंसे नेता और अफसर-जानिए कैसे Lucknow News
खुद को नासा का वैज्ञानिक बताकर मेरठ की महिला से की थी शादी। लखनऊ का रहने वाला था आरोपित।
लखनऊ, जेएनएन। खुद को नासा का वैज्ञानिक बताकर न्यूबेरी हजरतगंज निवासी अतुल शर्मा ने शादी कर ली। फर्जीवाड़े की जानकारी होने पर पीडि़ता ने मेरठ के कंकरखेड़ा थाने में एफआइआर दर्ज कराई। छानबीन के दौरान मेरठ पुलिस ने आरोपित अतुल शर्मा को लखनऊ से गिरफ्तार कर पिछले सप्ताह जेल भेज दिया। सीओ हजरतगंज अभय कुमार मिश्र के मुताबिक आरोपित से पूछताछ में पता चला है कि उसने कई नेताओं और अधिकारियों को अपने जाल में फंसाकर उनसे ठगी की थी।
यह है मामला
आरोपित अतुल ने खुद को आइआइटी खरगपुर का पूर्व छात्र बताया था। राजधानी पुलिस ने जब इस बारे में पड़ताल की तो अतुल का दावा फर्जी निकला। अतुल ने सोशल मीडिया पर अपने प्रोफाइल में खुद को अमेरिकन फॉरेन पॉलिसी काउंसिल का एग्जीक्यूटिव मेंबर बताता था। यही नहीं उसने एमआइटी यूएस से पीएचडी होने व यूएस डिफेंस रिसर्च का निदेशक होने का दावा किया था। लोगों को झांसे में लेकर आरोपित उनके नजदीक जाता था और फिर देश भर के बड़े नेताओं और अफसरों का करीबी बताकर मोटी रकम वसूलता था।
कोलकाता और मुंबई में भी दर्ज है मामले
अतुल के खिलाफ कोलकाता और मुंबई में भी एफआइआर दर्ज हैं और वह सात साल पहले ठगी के मामले में जेल भी जा चुका है। मेरठ पुलिस ने आरोपित को पकडऩे के बाद बताया था कि अतुल अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा का वैज्ञानिक बताकर लड़कियों को प्रेमजाल में फंसाता था और शादी करने के बाद संपत्ति हड़प कर फरार हो जाता था। उधर, एक सप्ताह पहले हो चुकी अतुल की गिरफ्तारी के बाद राजधानी पुलिस की ओर से सोमवार को विज्ञप्ति जारी करने को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह के सवाल भी उठने लगे हैं।