बेड पर पड़ा मिला 35 साल के युवक का शव, खटखटाने के बाद भी नहीं खुला था दरवाजा
वृंदावन कॉलोनी स्थित सेक्टर 5 ई का है मामला। किराए पर अकेले रहता था मृतक। लोगों ने खिड़की से झाककर देखा तो अचेत स्थिति में बेड पर पड़ा मिला युवक।
लखनऊ(जागरण संवाददाता)। राजधानी स्थित वृंदावन कॉलोनी में शुक्रवार को एक 35 साल के युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतक बेड पर अचेत स्थिति में पड़ा हुआ था। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर लोकबंधु अस्पताल भेजा गया, जहा उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
खटखटाने के बाद भी नहीं खुला दरवाजा :
मामला वृंदावन कॉलोनी स्थित सेक्टर 5 ई का है। यहा मूलरूप से कानपुर निवासी मनोज कुमार (35) किराए पर अकेले रहता था। मृतक हजरतगंज स्थित एक निजी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर का काम करता था। बताया जा रहा है कि सुबह नगर निगम कर्मी पैसे लेने के लिए पहुंचे, लेकिन दरवाजा खटखटाने के बाद भी नहीं खुला। निगम कर्मियों ने पड़ोसियों को बुलाया। लोगों ने खिड़की से झाककर देखा तो बेड पर युवक अचेत स्थिति में पड़ा हुआ था। लोगों ने आवाज दी, लेकिन कोई हरकत नहीं हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह दरवाजा खोला और शव को कब्जे में लिया।
क्या कहना है पुलिस का?
एसएसआई रणधीर सिंह के मुताबिक, सूचना मिलने पर मौके पर छानबीन के लिए पुलिसकर्मी पहुंचे थे। युवक को लोकबंधु अस्पताल भेजा गया, जहा उसे मृत घोषित कर दिया गया। घर से बरामद शराब की बोतले:
बताया जा रहा है कि मृतक के घर से शराब की बोतलें और एक न्यूज चैनल का आई कार्ड भी बरामद हुआ है। जिसपर मृतक की फोटो लगी हुई है। वहीं, पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया है। मामले की छानबीन की जा रही है।