लखनऊ : दरवाजा तोड़कर कमरे में पहुंचा भतीजा, चाचा का लटकता शव देख निकली चींख
लखनऊ के मवैया इलाके की घटना। पत्नी बच्चों के साथ बिहार के सिवान स्थित मायके गई थी। घर में अकेला था युवक। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगा रही है।
लखनऊ, जेएनएन। राजधानी में 30 वर्षीय युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में बंद कमरे में फंदे से लटका मिला। मृतक का भतीजा कमरे का दरवाजा खटखटाता रहा, लेकिन कोई जवाब न मिला। मुहल्लेवालों की मदद से भतीजे ने दरवाजा तोड़ा। चादर के सहारे युवक को लटकता शव देखकर उसकी चींख निकल पड़ी। आननफानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत बताया। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगा रही है।
ये है पूरा मामला
मामला मवैया इलाके का है। यहां के निवासी निर्मल (30) का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। इंस्पेक्टर नाका सुजीत दुबे ने बताया कि कई दिनों से निर्मल अकेले ही घर पर रह रहे थे। उसकी पत्नी संगीता अपने दो बच्चों को लेकर बिहार प्रांत के सिवान स्थित मायके गई थी। वह गैस चूल्हे की मरम्मत का काम करता था। शनिवार सुबह निर्मल का भतीजा किसी काम से उनके घर पहुंचा। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद होने पर वह काफी देर तक खटखटाता रहा। कोई जवाब न मिलने पर उसने मुहल्ले वालों की मदद से दरवाजा तोड़ा। अंदर निर्मल को चादर के सहारे फंदे पर लटका देख उसकी चींख निकल गई। आननफानन नीचे उतारकर वह निर्मल को अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर नाका थाने के दारोगा अशोक दुबे पहुंचे।
क्या कहती हैं पुलिस ?
दारोगा अशोक दुबे ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मोबाइल फोन भी लॉक है, जिससे जानकारी नहीं हो सकी कि निर्मल ने आखरी बार किससे बात की थी। सर्विलांस सेल से मोबाइल की कॉल डिटेल्स चेक करवाई जा रही है। निर्मल की पत्नी को घटना की जानकारी दे दी गई है। उनके आने के बाद ही कुछ पता चल सकेगा।