महिला किसान नेता की बसाई अवैध बस्ती कराई खाली
फोटो -जेल में सावित्री सिंह बाहर पुलिस प्रशासन और परिषद निकाल रहे हेकड़ी विकास नगर
जागरण संवाददाता, लखनऊ : विकास नगर में कुर्सी रोड पर मामा चौराहे के पास स्वयंभू महिला किसान नेता सावित्री सिंह की बसाई एक और बस्ती शुक्रवार को आवास विकास परिषद ने खाली करवा दी। लगभग 6800 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बस्ती में लगभग 100 झोपड़ियां और टीनशेड डाल कर अस्थाई निर्माण ढहा दिए गए। यहां लगभग 20 साल से परिषद की व्यावसायिक जमीन पर कब्जा था।
कुछ दिन पहले इसी तरह से अलीगंज में पुराने बजरंगबली मंदिर के पास से एलडीए ने भी अवैध बस्ती ढहाई थी। जिसमें 104 भूखंड खाली करवाए गए थे। अलीगंज में महिला भू-माफिया हाजरा खान और सावित्री सिंह ने एक अवैध बस्ती बसा कर सरकारी जमीन घिरवा दी थी। तब सावित्री सिंह को पुलिस और प्रशासन का विरोध करना भारी पड़ा था। उनको जेल भेज दिया गया था।
आवास विकास परिषद के अधीक्षण अभियंता सुनील चौधरी ने बताया कि मामा चौराहे के पास खुद को किसान नेता कहने वाली सावित्री सिंह ने ये अवैध बस्ती बसाई थी। हम लोग जब भी अभियान के लिए जाते थे, तब सावित्री दलबल के साथ विरोध में खड़ी हो जाती थी। टीनशेड डाल कर किसान यूनियन के नाम से यहां एक कार्यालय भी बना रखा था। आखिरकार हमने शुक्रवार को अपनी भूमि खाली करवा ली। कुछ लोगों ने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन कामयाब नहीं हो सके। पूरी जमीन खाली करवा कर परिषद ने अपने कब्जे में ले ली है। एसीएम-पांच डॉ. सृष्टि धवन, रामायण शरण, एई सामराज चौहान व जेई कुमार मौर्य दस्ते में शामिल रहे। सीओ महानगर के साथ विकास नगर थाने की पुलिस ने भी इस कार्रवाई में सहयोग किया।