लखनऊ के माल में बुआई सीजन में खाद का किल्लत, रूदान खेड़ा समिति पर दो सप्ताह से डीएपी-यूरिया गायब
माल क्षेत्र की रूदान खेड़ा साधन सहकारी समिति पर पिछले दो सप्ताह से डीएपी और यूरिया खाद उपलब्ध नहीं है, जिससे बुआई के सीजन में किसानों को परेशानी हो रही है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
रूदान खेड़ा समिति पर दो सप्ताह से खाद अनुपलब्ध।
बुआई सीजन में डीएपी-यूरिया की कमी से किसान परेशान।
सचिव के निलंबन को खाद किल्लत का मुख्य कारण।
संवाद सूत्र, माल। क्षेत्र की साधन सहकारी समिति रूदान खेड़ा पर पिछले दो सप्ताह से डीएपी और यूरिया खाद उपलब्ध नहीं है। इससे किसानों को खाद के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।
इस समय आलू, सरसों और गेहूं सहित अन्य फसलों की बोआई का सीजन चल रहा है। ऐसे में खाद नहीं मिलने से किसानों की बुआई प्रभावित हो रही है। वहीं जिम्मेदार अधिकारियों ने बताया कि सचिव सस्पेंड होंने के कारण समिति पर खाद उपलब्ध नहीं है।
समिति पर खाद लेने पहुंच रहे किसानों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है। समिति के कर्मचारियों की ओर से किसानों को डीएपी और यूरिया के स्थान पर एनपीके खाद लेने की सलाह दी जा रही है। वहीं डीएपी और यूरिया के लिए दूसरी समितियों पर जाने को कहा जा रहा है।
केड़ौरा गांव निवासी किसान अनूप ने बताया कि वह गेहूं की बोआई के लिए डीएपी और यूरिया खाद लेने समिति पहुंचे थे, लेकिन वहां खाद नहीं मिली। समिति पर मौजूद कर्मचारियों ने बताया कि दो सप्ताह से खाद उपलब्ध नहीं है। दूसरी समितियों से खाद लेने की बात कही गई। इससे फसल की बुआई में देरी हो रही है। मजबूरी में निजी दुकानों से मनमाने दामों पर खाद खरीदनी पड़ रही है। -किसान केड़ौरा गांव निवासी अनूपअटारी गांव निवासी किसान ओम प्रकाश ने बताया कि वह आलू की बोआई के लिए डीएपी खाद लेने समिति पहुंचे थे, लेकिन खाद नहीं मिली। उन्हें एनपीके खाद लेने की सलाह दी गई, जिसकी कीमत 1800 रुपये प्रति बोरी बताई गई। अधिक कीमत होने के कारण उन्होंने खाद नहीं खरीदी। किसानों को जल्द खाद आने का आश्वासन दिया जा रहा है। -किसान अटारी गांव निवासी ओमप्रकाश
समिति के सस्पेंड सचिव दीप चौधरी ने बताया कि हम लोगों ने अपनी कुछ मांगों को लेकर लखनऊ में धरना प्रदर्शन किया था।उसी के बाद से हमें सस्पेंड कर दिया गया है विभाग द्वारा क ई बार बहाल करवाने के प्रयास से अधिकारियों से कहा लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है।इस लिए समिति पर न पहुंच पा रहे हैं। -सस्पेंड सचिव दीप चौधरी
सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता वैशाली सिंह ने बताया कि समिति के सचिव दीप चौधरी निलंबित चल रहे हैं। इसी कारण समिति पर डीएपी और यूरिया खाद उपलब्ध नहीं है। सचिव के बहाल होने के बाद खाद उपलब्ध कराई जाएगी। फिलहाल किसान क्षेत्र की अन्य समितियों से खाद प्राप्त कर सकते हैं, जहां खाद उपलब्ध है। -सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता वैशाली सिंह