सुप्रीमो मायावती ने BSP संगठन में किया बड़ा फेरबदल, यूपी-उत्तराखंड की कमान रखी अपने पास
BSP President Mayawati: बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने साफ किया है कि सेक्टर-एक के अंतर्गत आने वाले उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड की निगरानी वह स्वयं करेंगी।

बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती
HighLights
बसपा के नेशनल कोऑर्डिनेटर को तीन सेक्टर में बांटी जिम्मेदारी
बाढ़ प्रभावित राज्यों में ईशान आनंद को भेजने के निर्देश
बसपा प्रमुख ने कार्यकर्ताओं से कहा, वर्षा व आंधी-तूफान पीड़ितों की करें मदद
सेक्टर-एक और दो में कुल 19 राज्य, यूपी-उत्तराखंड पर कैंप कार्यालय की नजर
राज्य ब्यूरो, लखनऊ : बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने तीन राज्यों के विधानसभा चुनाव से पहले रणनीति को नए सिरे से धार देने का उपक्रम किया है। मायावती ने बसपा के संगठन को तीन सेक्टर में बांटकर जनाधार बढ़ाने का लक्ष्य तय किया है।
बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने साफ किया है कि सेक्टर-एक के अंतर्गत आने वाले उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड की निगरानी वह स्वयं करेंगी। अन्य दोनों सेक्टरों के प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। वहीं, वर्षा, आंधी एवं तूफान प्रभावित राज्यों में राष्ट्रीय प्रभारी ईशान आनंद दौरा कर सकते हैं। दायित्व ग्रहण करने के बाद यह उनका पहला दौरा होगा। एक्स पर लिखकर सरकार से बाढ़ एवं सूखाग्रस्त राज्यों में किसानों को तत्काल मदद पहुंचाने की अपील की है।
मायावती ने सेक्टर-एक में दस राज्यों को रखा है, जिसकी कमान राज्यसभा सदस्य रामजी लाल गौतम और सुरेश राव केंद्रीय सेक्टर प्रभारी के रूप में संभालेंगे। सेक्टर-दो में नौ राज्यों को रखा है जिसका कामकाज पूर्व राज्यसभा सदस्य राजाराम एवं पूर्व विधायक अतर सिंह राव संभालेंगे। यूपी और उत्तराखंड को सेक्टर-तीन में रखा गया है, जिसकी निगरानी मायावती और लखनऊ का केंद्रीय कार्यालय करेगा।
मायावती ने सभी सेक्टर प्रभारियों से कहा है कि वो अपने-अपने कार्यक्षेत्र में आने वाले राज्यों में वर्षा, आंधी एवं तूफान से प्रभावित लोगों की मदद भी करें। बसपा अध्यक्ष ने लोगों के बीच से धन एकत्र करने से मना किया है, जिससे इसकी आड़ में कोई नाजायज फायदा न उठा सके। बाढ़ प्रभावित राज्यों में ईशान आनंद को भेजने और पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रभावित लोगों की मदद के निर्देश दिए गए हैं।
