विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

माइक्रोसॉफ्ट की आउटलुक और टीम्स सेवाएं प्रभावित होने का बड़ा असर, बैंकों के कामकाज में भी आई अड़चन

Published: Sat, 14 Nov 2026 08:04 PM (IST)

Microsoft Services Distuption:

भुगतान संबंधी पुष्टि, आर्डर और इनवाइस का आदान-प्रदान अटक रहा।

भुगतान संबंधी पुष्टि, आर्डर और इनवाइस का आदान-प्रदान अटक रहा।

HighLights

  1. ई-मेल ठप, बैंकों ने फोन और व्हाट्सएप से किया आधिकारिक संवाद

  2. बैंक अधिकारियों व कर्मचारियों को उठानी पड़ी परेशानी

जागरण संवाददाता, लखनऊ। तकनीक पर बढ़ती निर्भरता के बीच माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में शुक्रवार को आई बाधा ने कारोबार और बैंकिंग व्यवस्था की मुश्किलें बढ़ा दीं। आउटलुक और टीम्स जैसी सेवाएं ठप होने से बैंक शाखाओं में भी कामकाज प्रभावित रहा।

ई-मेल के जरिये होने वाली भुगतान संबंधी पुष्टि, आर्डर और इनवाइस का आदान-प्रदान अटक रहा। आधिकारिक ई-मेल संवाद बाधित होने से कई जरूरी कामों में देरी हुई। ऐसे में कारोबारियों और बैंक अधिकारियों को फोन काल और व्हाट्सएप का सहारा लेना पड़ा।

बैंक अधिकारियों के मुताबिक बड़े भुगतान आदि के लिए ई-मेल पर औपचारिक पुष्टि जरूरी होती है, उनमें परेशानी आई। कुछ भुगतान एक दिन के लिए टल गए। निर्यात से जुड़ी फर्मों के लिए ई-मेल सेवा बाधित होना ज्यादा मुश्किल भरा रहा। कारोबारियों के मुताबिक, बैंक को आर्डर कंफर्मेशन और इनवाइस ई-मेल से भेजे जाते हैं।

सेवा ठप होने पर फोन और व्हाट्सएप से संपर्क करना पड़ा, लेकिन कई मामलों में बैंक अधिकारी लिखित पुष्टि के बिना आगे बढ़ने को तैयार नहीं थे। एक ग्राहक ने बताया कि बैंक से लगातार लिखित पुष्टि मांगी जा रही थी, लेकिन ई-मेल नहीं खुलने के कारण अंत में शाखा पहुंचकर लिखित आवेदन देना पड़ा।

बैंक शाखाओं और क्षेत्रीय कार्यालयों में कोर बैंकिंग सिस्टम सामान्य रूप से चलता रहा, लेकिन अधिकारियों के बीच आंतरिक ई-मेल संवाद बाधित होने से आंतरिक कामकाज प्रभावित रहा। शाखा प्रबंधकों ने जरूरी सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए फोन काल और अन्य मैसेजिंग प्लेटफार्म का इस्तेमाल किया।

लोगों का कहना है कि इस प्रकरण ने बैंकिंग और कारोबार में एक ही डिजिटल प्लेटफार्म पर निर्भरता के जोखिम को भी सामने ला दिया है। विशेषज्ञों का सुझाव है कि बैंक और बड़ी व्यावसायिक फर्में वैकल्पिक ई-मेल व्यवस्था पर भी काम करें।

एसबीआई के सीजीएम दीपेश राज का कहना है कि ग्राहक संबंधी सेवाएं अलग व्यवस्था के तहत संचालित होती हैं, इसलिए उस पर कोई असर नहीं पड़ा। ग्राहक सेवाएं समान्य रूप से संचालित हुईं। आंतरिक संवाद के लिए वैकल्पिक प्लेटफार्म को अपना लिया गया था, इस कारण ऐसी कोई दिक्कत नहीं हुई। शुक्रवार शाम को ही सर्वर रिस्टोर हो गया था।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।