उत्तर प्रदेश में बारिश खड़ी करने लगी बड़ी चुनौतियां
उत्तर प्रदेश में बारिश से स्थितियां काफी चुनौतीपूर्ण हो गई हैं। घाघरा और गंगा जलस्तर बढ़ता जा रहा है जबकि यमुना का जलस्तर काफी बढ़ने के बाद स्थिर है।
लखनऊ (जेएनएन)। उत्तर प्रदेश में विभिन्न स्थानों पर रविवार को जमकर बारिश हुई। इस दौरान मकान ढहे, पेड़, बिजली के खंभे गिर गए। नदियों का जलस्तर कहीं स्थिर तो कहीं उफन रही हैं। बारिश के दौरान विभिन्न घटनाओं में कई लोगों की मौत हो गई जबकि दर्जनों लोग मकान के मलबे में दबकर घायल हो गए। पूरे प्रदेश में दो दिनों से जारी बरसात की वजह से स्थितियां काफी चुनौतीपूर्ण हो गई हैं। घाघरा और गंगा नदी का जलस्तर बढ़ता जा रहा है जबकि यमुना का जलस्तर काफी बढ़ने के बाद स्थिर है।
घर गिराने लगी बारिश
अमेठी में पिछले चार दिनों से हो रही तेज बरसात के चलते कई कच्चे मकान ढह गए। चार लोगों की मौत हो गई है। एसडीएम ने बताया कि सभी को आपदा राहत कोष के तहत सहायता राशि दी जाएगी। वाराणसी में 37.8 मिमी बारिश भी दर्ज की गई है। मीरजापुर के कछवा समेत कई स्थानों पर पेड़ व बिजली के खंभे भी धराशायी हो गए। सीखड़ क्षेत्र के रामगढ़ कला गाव में कच्चा मकान ढहने से वृद्धा की मौत हो गई। उधर, गंगा व घाघरा एक बार फिर बढऩे लगी हैं। बुंदेलखंड व मध्य उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश के दौरान घर गिरने से मलबे में दबकर चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए। बांदा में मकान ढहने से मासूम की मौत हो गई और उसके तीन भाई-बहन घायल हो गए।
मंदाकिनी की धारा में बह गए दो सगे भाई
फर्रुखाबाद में घर गिरने की घटनाओं में दो लोगों की मौत, जबकि तीन लोग घायल हो गए। औरैया में कच्चे घर की छत गिरने से वृद्ध की मौत हो गई। फतेहपुर के थरियांव थाना के रामपुर गांव में बारिश के चलते कच्चा मकान ढहने से एक ही परिवार के पांच लोग मलबे में दबकर घायल हो गए। चित्रकूट में मंदाकिनी नदी की तेज धारा में दो सगे भाई बह गए। काफी तलाश के बाद एक का शव मिल गया, दूसरे की तलाश की जा रही है। बरदहा नदी में उफान से पाठा के कई गांव रात भर पानी से घिर गए। फर्रुखाबाद में भारी बरसात के चलते रेल ट्रैक धंसने से एक घंटे कालिंदी एक्सप्रेस खड़ी रही। ट्रैक दुरुस्त कराने के बाद ट्रेन को रवाना किया गया।
उन्नाव में गंगा फिर चेतावनी बिंदु के पार
फर्रुखाबाद, कन्नौज, बांदा, औरैया व कानपुर देहात में कुछ क्षेत्रों में शनिवार रात भर बारिश होती रही। वहीं रविवार दोपहर को बूंदाबांदी हुई। उन्नाव में गंगा फिर चेतावनी बिंदु के पार हो गई। रविदासनगर, इंदिरानगर व शक्तिनगर में कटान तेज हो गया है। फर्रुखाबाद फतेहपुर में गंगा का जलस्तर गिरा है। कानपुर नगर में अधिकतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस बढऩे से उमस रही। प्रतापगढ़ में जमकर पानी बरसा। यहां 263 मिमी बरसात हुई। मकान ढहने से इसे जिले के पट्टी थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र में चार लोग घायल हो गए। इलाहाबाद में रात में बूंदाबांदी व बारिश हुई। दोपहर में उमस बढऩे से लोग बेचैन रहे। इलाहाबाद में गंगा का जलस्तर बढ़ा है जबकि यमुना का जलस्तर स्थिर है।