लखनऊ में बनेगी यूपी की पहली 'शौर्य अकादमी', सशस्त्र बलों में भर्ती की करवाएगी तैयारी; जमीन भी हुई फाइनल
लखनऊ में छावनी परिषद और राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (NSDC) के सहयोग से 'शौर्य अकादमी' खोली जाएगी, जो उत्तर प्रदेश की पहली ऐसी पहल है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
छावनी परिषद और एनएसडीसी मिलकर शौर्य अकादमी खोलेंगे।
अकादमी अग्निवीर व सशस्त्र बलों हेतु निःशुल्क प्रशिक्षण देगी।
रजमन बाजार में भूमि चिह्नित, यूपी की पहली ऐसी पहल।
निशांत यादव, लखनऊ। अग्निवीर और सशस्त्र बलों में भर्ती होकर देश सेवा के लिए वर्दी पहनने का सपना देखने वाले युवाओं की तैयारियां अब छावनी परिषद भी कराएगा। राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एनएसडीसी) के सहयोग से छावनी परिषद प्रशासन शौर्य अकादमी खोलेगा। उत्तर प्रदेश में पहली बार खुल रही इस तरह की अकादमी के लिए कैंट में रजमन बाजार में भूमि भी चिह्नित हो गई है।
पिछले दिनों ही एनएसडीसी और छावनी परिषद प्रशासन के बीच एक समझौता ज्ञापन पर इस बारे में हस्ताक्षर किए गए हैं। छावनी परिषद की यह पहल सेना, पुलिस ओर सशस्त्र बलों में भर्ती होने के लिए विशेष कोचिंग, शारीरिक प्रशिक्षण और मार्गदर्शन प्रदान करेगी। युवाओं के व्यक्तित्व विकास व एनडीए जैसी लिखित परीक्षाओं की तैयारी कराने के लिए विशेषज्ञ तैनात होंगे।
बनाए जाएंगे क्लास रूम
लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के सर्विस सलेक्शन बोर्ड (एसएसबी) के सामने होने वाले साक्षात्कार, ग्रुप डिस्कशन, पब्लिक स्पीकिंग जैसी चयन प्रक्रिया की तैयारी करायी जाएगी। सबसे बड़ी बात है कि इसके लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। शौर्य अकादमी में ठहरने के लिए हास्टल, ट्रेनिंग के लिए मैदान और लिखित परीक्षा की तैयारी के लिए क्लास रूम बनाए जाएंगे।
सेना से सेवानिवृत्त हुए अधिकारी, इंस्ट्रक्टर युवाओं की तैयारियां कराएंगे। लखनऊ में सेना में अग्निवीर बनने, एनडीए और सशस्त्र बलों में भर्ती की तैयारियां कराने के लिए कई निजी अकादमी चलती हैं, लेकिन सरकारी स्तर पर इस पर से कोई प्रयास नहीं किया गया था।
यह भी पढ़ें- वीर अब्दुल हमीद के गांव को सरकार ने दिया तोहफा, केंद्रीय गृह राज्यमंत्री ने किया बड़ा एलान
शौर्य अकादमी में प्रतिभावान और निर्धन युवाओं को अवसर मिलेगा। छावनी परिषद के नामित सदस्य प्रमोद शर्मा का कहना है कि रजमन बाजार में शौर्य अकादमी की स्थापना के लिए भूमि चिन्हित की गई है।
बढ़ रहा युवाओं में उत्साह
युवाओं में अग्निवीर बनने के लिए पिछले साल आपरेशन सिंदूर के बाद से उत्साह बढ़ रहा है। इस वर्ष सेना की वेबसाइट पर अग्निवीर के विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए उत्तर प्रदेश के छह भर्ती मुख्यालयों के अधीन आने वाले सभी जिलों के करीब 4.97 लाख अभ्यथियों ने आवेदन किया था।
यह भी पढ़ें- 100-200 नहीं; 4500 साल पुरानी हैं मांडी में मिलीं 3000 स्वर्ण मुद्राएं, गंगा घाटी सभ्यता के मिले ऐतिहासिक प्रमाण
सबसे अधिक 1.19 लाख आवेदन सेना भर्ती मुख्यालय वाराणसी के अधीन आने वाले पूर्वांचल के गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, वाराणसी, गोरखपुर, बलिया, देवरिया सहित 12 जिलों के युवाओं ने आवेदन किया था। सेना भर्ती मुख्यालय लखनऊ के अधीन आने वाले लखनऊ, फतेहपुर, चित्रकूट, कानपुर देहात, हमीरपुर, उन्नाव, गोंडा, बांदा, कन्नौज, महोबा, औरैया और बाराबंकी से भी 54600 आवेदन हुए थे।
