लखनऊ-रायबरेली का सफर हुआ महंगा, टोल टैक्स की नई लिस्ट जारी
लखनऊ-रायबरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर टोल टैक्स की नई दरें मंगलवार मध्यरात्रि से लागू हो गई हैं। निगोहां स्थित दखिना शेखपुर ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
नई टोल दरें मंगलवार मध्यरात्रि से लागू हुईं।
छोटे वाहनों पर 5-10 रुपये, भारी वाहनों पर 20-30 रुपये की वृद्धि।
बिना फास्टैग वाहनों से सवा गुना शुल्क, केवल यूपीआई से भुगतान।
संवाद सूत्र, निगोहां (लखनऊ)। लखनऊ–रायबरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर सफर अब महंगा हो गया है। मंगलवार की मध्यरात्रि से टोल टैक्स की नई दरें लागू कर दी गई हैं। निगोहां स्थित दखिना शेखपुर टोल प्लाजा सहित पूरे मार्ग पर वाहनों से बढ़ी हुई दरों के अनुसार शुल्क वसूला जाएगा। नई दरों के लागू होने से छोटे वाहनों पर 5 से 10 रुपये तक का अतिरिक्त भार पड़ा है, जबकि भारी वाहनों के लिए यह बढ़ोतरी 20 से 30 रुपये तक की गई है।
टोल प्लाजा के परियोजना प्रमुख दिलीप कुमार पांडेय के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग 24 बी पर हर वर्ष निर्धारित प्रक्रिया के तहत टोल दरों में संशोधन किया जाता है। इसी क्रम में इस वर्ष भी नई दरें लागू की गई हैं। कार, जीप और हल्के वाहनों के लिए एकल यात्रा शुल्क 115 रुपये से बढ़ाकर 120 रुपये कर दिया गया है, जबकि 24 घंटे के भीतर वापसी का शुल्क 180 रुपये निर्धारित किया गया है।
मिनी बस, हल्के वाणिज्यिक और मालवाहक वाहनों का टोल 185 रुपये से बढ़ाकर 195 रुपये कर दिया गया है, जबकि वापसी शुल्क 295 रुपये तय किया गया है। बस और दो धुरी ट्रकों के लिए एकल शुल्क 410 रुपये तथा वापसी 615 रुपये कर दी गई है।
वहीं तीन धुरी वाहनों का शुल्क 445 रुपये और वापसी 670 रुपये निर्धारित किया गया है। स्थानीय वाहन स्वामियों को भी राहत नहीं मिली है।
टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले गैर-वाणिज्यिक वाहन मालिकों के मासिक पास शुल्क में 20 रुपये की वृद्धि कर इसे 360 रुपये कर दिया गया है, जबकि वार्षिक पास 3075 रुपये में मिलेगा। टोल प्रबंधन के अनुसार बिना फास्टैग वाले वाहनों से अब दोगुने की बजाय सवा गुना शुल्क लिया जाएगा। हालांकि भुगतान केवल डिजिटल माध्यम, विशेषकर यूपीआई से ही स्वीकार किया जाएगा।
