लखनऊ-कानपुर हाईवे पर 107 करोड़ से बनेंगे अंडरपास और फुटओवर ब्रिज, परियोजना शुरू होने से पहले कटेंगे 470 पेड़
लखनऊ-कानपुर राजमार्ग पर 107 करोड़ रुपये की लागत से अंडरपास और फुटओवर ब्रिज का निर्माण शुरू हो रहा है। वन विभाग की अनुमति के बाद आशा खेड़ा के पास 470 पेड़ काटे जा रहे हैं, जिससे दुर्घटनाएं कम होंगी और आवाजाही सुगम होगी।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
107 करोड़ की लागत से अंडरपास, फुटओवर ब्रिज बनेंगे।
वन विभाग की अनुमति से 470 पेड़ काटे जाएंगे।
परियोजना 18-20 माह में पूरी करने का लक्ष्य।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) लखनऊ-कानपुर राजमार्ग पर अंडरपास और फुटओवर ब्रिज का निर्माण शुरू करने से पहले पेड़ों के काटने का काम तेज कर दिया है। आशा खेड़ा व आसपास लगे पेड़ों के कटान को लेकर एनएचएआइ ने कई टीमें लगाई हैं। एनएचएआइ ने वन विभाग की इजाजत व शर्तें मानने के बाद छोटे व बड़े मिलाकर 470 पेड़ काटेगा।
इन पेड़ों के हटने के बाद निर्माण से जुड़ा काम तेज हो पाएगा। 107 करोड़ की लागत से उन स्थानों को प्राथमिकता दी जाएगी, जहां दुर्घटनाएं होती हैं और स्थानीय आबादी को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ता है। एनएचएआइ के परियोजना निदेशक नवरतन ने बताया कि जल्द ही मौके पर अंडरपास व फुटओवर ब्रिज से जुड़ा काम किया जाएगा।
वर्तमान में यूटिलिटी ट्रांसफर करने का काम काफी हद तक पूरा कर लिया गया है। इसके अलावा सर्विस रोड का निर्माण का काम भी चल रहा है। परियोजना निदेशक के मुताबिक बजट से ही एनएचएआइ राजमार्ग की उन कमियों को भी ठीक करेगा, जिससे वाहनों का संचालन बेहतर हो सके। प्रोजेक्ट को 18 से बीस माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
कहां-कहां बनेंगे अंडरपास?
एनएचएआइ के मुताबिक, राजमार्ग पर दो अंडरपास और एक फुटओवर ब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। पूरी परियोजना पर सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की ओर से 107 करोड़ की स्वीकृति पहले ही मिल चुकी है। रूट डायवर्जन को लेकर उन्नाव पुलिस व एनएचएआइ अफसरों के बीच बैठक हो चुकी हैं और फिर बैठक करके रूट डायवर्जन को फाइनल टच देना बाकी रह गया है। प्राधिकरण अफसरों के मुताबिक, नवाबगंज तिराहा और दही चौकी पर अंडरपास बनाए जाएंगे।
स्थानीय लोगों व जनप्रतिनिधियों के अनुरोध पर त्रिभुवन खेड़ा पर फ्लाइओवर बनेगा। ऐसे में जो दोनों बाटल नेक पर ट्रकों की लंबी कतार लगती थी, वह अब नीचे से ही निकल जाएगी और ऊपर ट्रैफिक का संचालन सुगमता से हो सकेगा। इस पूरे काम को करने के लिए नवाबगंज व दही चौकी के पास वन विभाग की तीन हेक्टेयर जमीन पर लगे पेड़ को शिफ्ट करने का काम भी शुरू कर दिया गया है।
वन विभाग की इजाजत के बाद ही आशा खेड़ा के पास 470 से अधिक पेड़ों को हटाकर व काटकर निर्माण से जुड़ा काम शुरू किया जा रहा है। निर्धारित समय पर ही अंडरपास व फुटओवर ब्रिज का काम पूरा किया जाएगा। -नवरतन, परियोजना निदेशक, एनएचएआइ
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।