लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे लोकार्पण के लिए तैयार, 13 जुलाई से फर्राटा भरेंगी गाड़ियां
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे 13 जुलाई को लोकार्पण के लिए तैयार है, जिसमें राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी और योगी आदित्यनाथ शामिल होंगे।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
13 जुलाई को होगा लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का लोकार्पण।
63 किमी लंबा एक्सप्रेसवे 4700 करोड़ की लागत से बना।
ट्रॉमा सेंटर, रेस्तरां जैसी आधुनिक सुविधाएं भी मिलेंगी।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे लोकार्पण के लिए तैयार है। 13 जुलाई को होने वाले लोकार्पण को लेकर कार्यदायी संस्था द्वारा बनी टोल के पास साइनेज बोर्ड लगाने का काम अपने अंतिम चरण में है। वहीं सैनिक स्कूल में तैयारियों को लेकर पंडाल लगाने का काम पूरा कर लिया गया है।
एक्सप्रेसवे पर वाहनों का संचालन न हो सके, इसके लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने पूरे 63 किमी. के प्रवेश व निकास द्वार सील कर दिए हैं। वाहनों के प्रवेश न हो सके, उसके लिए सुरक्षा गार्ड लगा दिए हैं। सोमवार यानी 13 जुलाई की शाम पांच बजे रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोकार्पण करेंगे। यह एक्सप्रेसवे लखनऊ व उन्नाव के 43 गांवों से होकर निकला है। हजारों किसानों ने एक्सप्रेसवे में अपनी जमीनें दी हैं।

एनएचएआई अधिकारियों के मुताबिक लखनऊ के दस और उन्नाव के 33 गांवों की जमीनें एक्सप्रेसवे में ली गई हैं। एक्सप्रेसवे बनाने में किसानों की करीब 480.9799 हेक्टेअर जमीनें अधिकगृहित की गई है। इसके एवज में किसानों को 590.87 करोड़ रुपये मुआवजे के रूप में दिया गया है।
4700 करोड़ की लागत से बने 63 किमी. एक्सप्रेसवे को लखनऊ, कानपुर, लालगंज, उन्नाव, रायबरेली, आउटर रिंग रोड, आगरा एक्सप्रेस वे से कनेक्ट किया गया है। वर्तमान में यह छह लेन है लेकिन भविष्य की जरूरतों को देखते हुए इसे आठ लेन भी किया जा सकता है। एक्सप्रेसवे के दाएं व बाएं अभी काफी जमीन एनएचएआइ ने भविष्य की योजनाओं के लिए छोड़ रखी है।
ट्रॉमा सेंटर व रेस्तरां बनाने का काम तेज
लखनऊ-कानपुर के बीच दस बेड वाले ट्रामा सेंटर व रेस्तरां की सुविधा मिलेगी। अभी तक किसी भी एक्सप्रेस वे पर यह सुविधा नहीं है। यही नहीं एक्सप्रेस वे के दाएं व बाएं ओर छह-छह हेक्टेअर जमीन पर वे-साइड एमेनिटीज उपलब्ध कराई जा रही हैं।
यहां चिकित्सकीय सुविधा के साथ साथ फूड प्लाजा, पेट्रोप पंप, इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग प्वाइंट, सामुदायिक शौचालय, गेम जोन जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी। लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस वे बाएं तरफ स्थित जरगांव (किमी. 51.600) और दाएं तरफ स्थित शिवपुर ग्रांट (किमी. 60.300) में वे-साइड एमेनिटीज लोगों को मिलेंगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।