Lucknow Weather News: लखनऊ का पारा 'सामान्य', गलन और प्रदूषण बरकरार
Lucknow Weather News बुधवार को न्यूनतम पारा 8.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 0.5 डिग्री कम रहा। वहीं अधिकतम पारा 24.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक रहा। ऐसे में शहरवासियों को ठंड के प्रकोप से काफी राहत मिली।
लखनऊ, जेएनएन। प्रदेशवासियों को ठंड के प्रकोप से कुछ राहत मिली। कई दिनों से लुढ़क रहा पारा बुधवार को थमा। दिन में आसमान साफ रहने से तापमान सामान्य के आसपास आ गया। मगर हवाओं की वजह से सुबह-शाम गलन बरकरार रही। वहीं प्रदूषण भी कायम है। राज्य के कई जनपदों में शीतलहर चल रही थी। राजधानी में भी कड़ाके की ठंड रही। कई स्थानों का न्यूनतम तापमान तीन डिग्री तक आ गया। वहीं अधिकतम 10 डिग्री तक नीचे गिर गया। गुरुवार को अधिकतम तापमान 23 व न्यूनतम तापमान आठ डिग्री के आसपास रहने के आसार हैं।
लखनऊ में भी सोमवार को न्यूनतम पारा चार डिग्री पर पहुंच गया। ऐसे में लोग ठिठुर गए। वहीं मंगलवार को 7.1 डिग्री पर तापमान पहुंच गया। बुधवार को न्यूनतम पारा 8.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 0.5 डिग्री कम रहा। वहीं अधिकतम पारा 24.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक रहा। ऐसे में शहरवासियों को ठंड के प्रकोप से काफी राहत मिली। मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता के मुताबिक तीन-चार दिन पारा सामान्य के करीब ही रहेगा। दिन में आसमान साफ रहेगा। वहीं बरेली में न्यूनतम तापमान में 4.5, बांदा में 4.7 व चुर्क में 6.4 डिग्री की गिरावट आई। शेष जगह तापमान में काफी सुधार आया।
कई जिलों की हवा खराब
राजधानी में बुधवार को एक्यूआइ 384 दर्ज किया गया। वहीं बागपत 230, गाजियाबाद 472, ग्रेटर नोएडा 476, नोएडा का 462, हिसार 407, फरीदाबाद का 428 एक्यूआई दर्ज किया गया।