विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बाप-बेटे पर की ताबड़तोड़ फायरिंग, फिर दो बार भरी पिस्टल; लखनऊ ट्रिपल मर्डर का नया वीडियो आया सामने 

Published: Fri, 30 Oct 2026 11:45 AM (IST)

लखनऊ के सआदतगंज में हुए तिहरे हत्याकांड के दो खौफनाक वीडियो सामने आए हैं, जिनमें ऋषभ शुक्ला को गोलियां बरसाते देखा गया।

लखनऊ ट्रिपल मर्डर।

लखनऊ ट्रिपल मर्डर।

HighLights

  1. लखनऊ तिहरे हत्याकांड के दो खौफनाक वीडियो सामने आए।

  2. ऋषभ शुक्ला ने पार्किंग विवाद में तीन लोगों को गोली मारी।

  3. पुलिस ने फरार चाचा-भतीजी पर 25-25 हजार का इनाम रखा।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। पापा-पापा की चीखें, अपनों को बचाने की गुहार और गोलियां बरसाता ऋषभ। सआदतगंज के तिहरे हत्याकांड के सामने आए दो वीडियो में खौफनाक मंजर दिखाई दिया।

हाथ में पिस्टल लिए ऋषभ शुक्ला शिवेंदु तिवारी उर्फ शंभू तिवारी, उनके भाई शिवाजी तिवारी और भतीजे सुयश तिवारी पर गोलियां बरसाता रहा

खून से लथपथ तीनों जिंदगी के लिए जूझते रहे, लेकिन मौके पर मौजूद लोग दहशत के कारण उन्हें बचाने की हिम्मत नहीं जुटा सके। शिवेंदु की बेटी सुमेधा पिता को बचाने के लिए चीखती रही। वीडियो में कैद वारदात के दृश्य रोंगटे खड़े कर देने वाले हैं।

गोलियां चलाता रहा ऋषभ

पहले वीडियो में दिख रहा है कि शिवेंदु तिवारी उर्फ शंभू को पिस्टल से गोली मारने के बाद ऋषभ कार और चबूतरे के पास पहुंचता है। सुयश उसे पकड़ने की कोशिश करता है। शिवेंदु की बेटी सुमेधा की पापा-पापा की चीख पुकार सुनाई देती है। खून से लथपथ शिवेंदु को लोग संभालने की कोशिश करते हैं।

imageview

शिवाजी तिवारी लाचार बनकर कभी बेटे तो कभी छोटे भाई शिवेंदु को देखते हैं। तब तक ऋषभ सुयश को दो गाली मार देता है। शिवाजी बेटे ऋषभ को संभालने की कोशिश करते हैं। ऋषभ उनकी कनपटी में भी गोली मार देता है। वह जमीन पर गिरते हैं।

दूसरी मैगजीन लोड करता ऋषभ

ऋषभ खाली मैगजीन निकालकर हाफ पैंट के जेब में रखता और भरी हुई दूसरी मैगजीन लोड करता है। शिवाजी को फिर से दो गोलियां मारता है। रोती-बिलखती सुमेधा और एक अन्य महिला शिवेंदु को संभालने की कोशिश करती रहती हैं। ऋषभ पिस्टल लहराते हुए फिर से शिवेंदु के पास पहुंचता है। उनको फिर से एक गोली मारता है।

imageview

सुयश और शिवाजी तिवारी के बीच में पड़ा अपना मोबाइल उठाता है। चिल्लाता है कि मुझे गुम्मों (ईंट के टुकड़ों) से मारा है। इस बीच कोई ऋषभ की बहन आदिति का नाम लेता है। युवती की आवाज आती है कि आत्मरक्षा में...आत्मरक्षा में। सब लोग मार डालते यार।

फोन कर बोला- गोली चल गई भैया

ऋषभ किसी को फोन करता है। कहता है कि भैया गोली चल गई है। डंडों से मार रहे थे। फोन पर बात करते-करते वह अपने घर के सामने बैठ जाता है। कहता है कि भैया मेरी हेल्प कर दो। इस बीच किसी युवती की भी आवाज आती है कि जल्दी आ जाइए।

घायलों को अस्पताल ले जाया गया

दूसरे वीडियो में एक दारोगा ऋषभ को दबोच कर ले जाते दिखता है। दारोगा के हाथ में ऋषभ की पिस्टल और मैगजीन दिख रही है। ऋषभ हाथ हिलाकर किसी को इशारा कर रहा है। एक बुजुर्ग और एक युवक दारोगा से बहस करता है। दारोगा दोनों को डांटता है।

किसी युवती की चिखती हुई आवाज आती है कि आत्मरक्षा में क्या करेगा आदमी? आप लोग उसकी साइड लेकर चले जाते थे। दारोगा अपनी बाइक के बैग में ऋषभ की पिस्टल और मैगजीन रखता है। युवती चिल्लाती है। कहती है कि सब रिकॉर्ड होगा। दारोगा लोगों से कहता है कि घायलों को अस्पताल ले जाओ।

चाचा-भतीजी पर 25-25 हजार का इनाम

सआदतगंज में हुए तिहरे हत्याकांड में फरार चाचा-भतीजी के ऊपर पुलिस ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें लगी हैं। सर्विलांस की भी मदद ली जा रही है।

मृतकों और आरोपितों का घर अगल-बगल होने के कारण गुरुवार को भी बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है। पुलिस उपायुक्त पश्चिमी जितेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि तिहरे हत्याकांड के फरार दोनों आरोपितों पर इनाम घोषित कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें- शिवा शर्मा हत्याकांड में शनिवार को हो सकता है सीन रिक्रिएशन, लखनऊ पुलिस ने की पूरी तैयारी

मृतकों के परिवार से मिलने नहीं पहुंचे अधिकारी

परिवार के मुखिया शिवाजी तिवारी के फुफेरे भाई मनोज अवस्थी ने तीनों शवों को मुखाग्नि दी थी। उन्होंने बताया कि क्रिया-क्रम की रस्म चल रही है। गुरुवार को गरुड़ पुराण का पाठ हुआ। उन्होंने बताया कि पुलिस बल तैनात है, लेकिन कोई पुलिस या प्रशासनिक अधिकारी परिवार से मिलने नहीं आया।

शुक्रवार को दसवां संस्कार होगा। इसके बाद आगे की रणनीति बनाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर आरोपितों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई और पूरे घर पर बुलडोजर चलाने की मांग की जाएगी।

यह है पूरा मामला

सआदतगंज के नौबस्ता स्थित ब्राह्मणी टोला में 26 अक्टूबर की सुबह चबूतरे की जमीन के पास कार खड़ी करने के विवाद में ऋषभ शुक्ला ने पड़ोसी शिवाजी तिवारी, उनके भाई शिवेंद्र तिवारी उर्फ शंभू और बेटे सुयश तिवारी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। मामले में ऋषभ शुक्ला, राजेश शुक्ला, गिरीश शुक्ला, दिनेश शुक्ला, मुन्ना बाबू, दिव्या, प्रिया और अदिति के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।