फर्स्ट एसी कोच में यात्री के पर्स से ढाई लाख के जेवर चोरी, GRP-RPF की टालमटोल पर अखिलेश ने सरकार को घेरा
आनंद विहार-न्यूजलपाईगुड़ी एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी कोच से महिला यात्री के ढाई लाख के जेवर और नकदी चोरी हो गए।

HighLights
फर्स्ट एसी कूपे से ढाई लाख के जेवर चोरी।
जीआरपी-आरपीएफ ने एफआईआर दर्ज करने में की लापरवाही।
अखिलेश यादव ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। सबसे सुरक्षित समझे जाने वाली एसी बोगी के एक कूपे से चोर ने महिला यात्री का जेवर भरा बैग चोरी कर लिया। बैग में ढाई लाख रुपये के जेवर और 25 हजार रुपये नकद थे। महिला यात्री लखनऊ से देवरिया तक कंट्रोल रूम पर संपर्क कर गुहार लगाती रही।
देवरिया जीआरपी ने मामला शून्य पर दर्ज किया। महिला यात्री ने इंटरनेट मीडिया पर अपने साथ हुई घटना का वीडियो बनाकर प्रसारित कर दिया। इसपर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा पर निशाना साधा।
यह है पूरा मामला
मूल रूप से बिहार के गोपालगंज के रहने वाले उमेश शाह एक नवंबर को ट्रेन 15716 आनंद विहार-न्यूजलपाईगुड़ी एक्सप्रेस से रवाना हुए थे। एसी प्रथम बोगी एच 1 के दो सीट वाले एक कूपे में उनका आरक्षण था। पत्नी और ढाई साल का छोटा बच्चा भी साथ था।
उमेश शाह के अनुसार, ट्रेन रात 1:15 बजे लखनऊ के प्लेटफाम नंबर दो पर आयी थी। यहां उनका बैग गायब मिला। बैग में ढाई लाख रुपये के गहने और 25 हजार रुपये भी थे। उमेश शाह ने चार बार ट्रेन को चेन पुलिंग कर रोका। इस पर भी जीआरपी और आरपीएफ मौके पर नहीं पहुंची। उमेश शाह ने 139 पर इसकी सूचना दी।
321 किलोमीटर दूर दर्ज हुई एफआईआर
लखनऊ की घटना के बाद जीआरपी और आरपीएफ ने किस हद तक लापरवाही की, इसका उदाहरण है कि बार-बार 139 पर फोन करने के बाद भी 321 किलोमीटर दूर देवरिया सदर में उनकी एफआईआर दर्ज हो सकी। हालांकि जीआरपी इंस्पेक्टर कहते हैँ कि 139 से जब सूचना मिली तो ट्रेन दिलकुशा आउटर पर पहुंच चुकी थी। गोंडा में आरपीएफ पहुंची थी।
एसी प्रथम सुरक्षित नहीं
पीड़ित महिला का 59 सेकेंड का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो गया है। इस वीडियो में महिला ने रेलवे की लापरवाही पर कहा है कि जब एसी प्रथम ही सुरक्षित नहीं है तो बाकी का क्या होगा ? उसके साथ ढाई साल का बच्चा भी था। उसे भी कोई चुरा सकता था।
जीआरपी ने शुरू की जांच
इस घटना की एफआईआर दर्ज होने के बाद जीआरपी ने ट्रेन के कोच अटेंडेंट, टीटीई और एसी मैकेनिक से फोन पर पूछताछ की। बोगी के गेट पर लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच के लिए न्यूजलपाईगुड़ी स्टेशन को भी सूचित किया गया है।
अखिलेश ने उठाए सवाल
पीड़ित महिला का वीडियो इंटरनेट मीडिया एक्स पर टैग करते हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ही अराजकता है। भाजपा राज में कोई अपराधी नहीं पकड़ा जाएगा, क्योंकि जो अपराधी होगा वो भाजपा में कहीं कोई पदाधिकारी होगा। नारी के आंसू भाजपा की सत्ता को बहा ले जाएंगे।
पहले भी हुई हैं चोरियां
तीन नवंबर 2025 को पत्नी के साथ राप्ती सागर एक्सप्रेस की एसी प्रथम श्रेणी की बोगी में लखनऊ आ रहे वैज्ञानिक डाक्टर मनीष भोयर की पत्नी का 15 लाख रुपये की कीमत का जेवर झांसी के पास चोरी हो गया था। हापुड़ से चार मार्च को लखनऊ मेल से आ रहे विधायक अतुल प्रधान का बैग एसी प्रथम बोगी से चोरी हो गया था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।