मुंबई-पुणे से भी ढाई गुना बड़ा, लखनऊ में 2000 करोड़ से 322 हेक्टेयर में बनेगा देश का सबसे बड़ा मनोरंजन पार्क
लखनऊ में देश का सबसे बड़ा मनोरंजन उद्यान बनने जा रहा है, जो प्रबंध नगर में 322 हेक्टेयर भूमि पर विकसित होगा।

ये तस्वीर AI द्वारा जनरेट की गई है।
HighLights
लखनऊ में बनेगा देश का सबसे बड़ा मनोरंजन उद्यान।
322 हेक्टेयर में फैलेगा, पीपीपी मॉडल पर होगा विकसित।
हाई-थ्रिल राइड्स, वाटर पार्क और रिसॉर्ट होंगे आकर्षण।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। राजधानी में देश का सबसे बड़ा एम्यूजमेंट यानी मनोरंजन उद्यान बनेगा। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) प्रबंध नगर योजना में 322 हेक्टेयर जमीन पर सबसे बड़ा थीम बेस्ड पार्क बनाने की दिशा में बढ़ा है। केरल की संस्था ने एलडीए में प्रेजेंटेशन भी दे दिया है।
प्राधिकरण इस प्रस्ताव को जल्द बोर्ड बैठक में रखेगा। बोर्ड से मंजूरी मिलते ही डीपीआर बनाने का काम शुरू होगा।
देश का सबसे बड़ा मनोरंजन पार्क मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर खोपोली में है, जो 330 एकड़ में फैला है। लखनऊ में बनने वाला पार्क उससे ढाई गुना बड़ा होगा। प्रस्तावित पार्क गोमती नगर विस्तार स्थित जनेश्वर मिश्र पार्क से चार गुना बड़ा होगा, पार्क को सोलर एनर्जी पर चलाने और जीरो वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम पर विकसित करने का भी प्रस्ताव है।
एलडीए में गुरुवार को केरल की उसी संस्था ने प्रेजेंटेशन दिया है जिसने कोच्चि और बेंगलुरु में पार्क बनाया है। संस्था ने प्रबंध नगर में बनने वाले पार्क का थ्रीडी माडल, लेआउट व संभावित राइड्स का पूरा खाका एलडीए उपाध्यक्ष के सामने रखा। प्रेजेंटेशन में बताया गया कि मेगा पार्क को तीन जोन में विकसित किया जाएगा।
70 से ज्यादा हाई थ्रिल राइड्स होंगी
पहले जोन में 70 से ज्यादा हाई थ्रिल राइड्स होंगी। भारत का सबसे बड़ा रोलर कोस्टर, रिवर्स लूपिंग कोस्टर, जायंट व्हील, 100 फीट ऊंचा ड्राप टावर, डार्क हारर हाउस और वर्चुअल रियलिटी शो इसके आकर्षण होंगे।
दूसरे जोन में दक्षिण भारत के सबसे बड़े वेव पूल की तर्ज पर दो लाख लीटर क्षमता का वेव पूल, 15 तरह की वाटर स्लाइड, लेजी रिवर, रेन डिस्को और आर्टिफिशियल स्नो पार्क बनाया जाएगा। वहीं, तीसरे जोन में फाइव स्टार रिजार्ट, फूड कोर्ट, शापिंग प्लाजा, मल्टीप्लेक्स, किड्स प्ले एरिया होगा।
प्रबंध नगर योजना शुरू से ही विवादों में है। एलडीए ने जिस जमीन पर पार्क बनाने की योजना बनाई है, वह ग्रीन बेल्ट के रूप में दर्ज है। एलडीए उपाध्यक्ष ने प्रेजेंटेशन के बाद मुख्य नगर नियोजक और अधिशासी अभियंताओं से फीजिबिलिटी रिपोर्ट मांगी है। बोर्ड से सैद्धांतिक मंजूरी के बाद ग्लोबल टेंडर निकाला जाएगा।
पीपीपी मॉडल पर बनेगा पार्क
यह प्रोजेक्ट पीपीपी मॉडल पर विकसित करने की योजना है। इसमें एलडीए जमीन देगा और निजी कंपनी निवेश करके पार्क बनाकर चलाएगी।
प्रोजेक्ट पर करीब 1500 से 2000 करोड़ रुपये का निवेश आएगा। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया, ग्रीन बेल्ट की जमीन खाली पड़ी है। वहां थीम पार्क बनता है तो हरियाली बनी रहेगी। पार्क के 40 प्रतिशत एरिया में ग्रीनरी, थीम गार्डन और वाटर बाडी विकसित की जाएगी।
