खुशखबरी: लखनऊ से अहमदाबाद के लिए वोल्वो और स्लीपर कोच जल्द
उत्तर प्रदेश से गुजरात के बीच पांच बस संचालन का आया प्रस्ताव। रूट और दूरी तय होते ही शुरू हो जाएगी बस सेवा।
लखनऊ, जेएनएन। परिवहन निगम प्रबंधन उत्तर प्रदेश और गुजरात को जल्द ही बस सेवा से जोडऩे जा रहा है। इसके तहत राजधानी लखनऊ से अहमदाबाद के बीच वोल्वो और स्लीपर कोच की सीधी सेवाएं शुरू करने पर विचार हो रहा है। लखनऊ रीजन को गुजरात स्टेट ट्रांसपोर्ट की ओर से गुरुवार को एक प्रस्ताव दिया गया है। रूट और दूरी तय होते ही दोनों राज्यों के उच्चाधिकारियों के बीच समझौता होगा और उसके बाद बस सेवा का संचालन किया जाएगा।
परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक पल्लव बोस के मुताबिक गुजरात स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट की ओर से मुकेश पटेल ने लखनऊ से अहमदाबाद के बीच बस सेवा संचालन के लिए प्रस्ताव दिया है। इसमें वोल्वो की स्लीपर कोच सेवाएं चलाने की बात कही गई है। करीब 1250 किमी की दूरी है। रूट का आकलन किया जा रहा है। लगभग बीस घंटे का सफर हो सकता है।
यूपी के पांच मार्गों पर बस सेवा संचालन का प्रस्ताव
दिए गए प्रस्ताव में अहमदाबाद से लखनऊ, अहमदाबाद से आगरा, अहमदाबाद से कानपुर, सोमनाथ से वाराणसी और द्वारका से वृंदावन रूट।
उत्तराखंड के दो रूट
अहमदाबाद से देहरादून और देहरादून से अहमदाबाद
क्या कहते हैं अफसर?
लखनऊ रीजन क्षेत्रीय प्रबंधक पल्लव बोस का कहना है कि गुजरात ने प्रस्ताव दे दिया है। पहले फेज में अहमदाबाद से लखनऊ के बीच बस सेवा संचालन की बात है। प्रस्ताव आ गया है। रूट तैयार किया जा रहा है। आगरा होते हुए बस सेवा का संचालन किया जाएगा।