लखनऊ से पकड़े गए आतंकियों का एक और साथी दिल्ली से गिरफ्तार, दक्षिण अफ्रीका से लौटते ही दबोचा
लखनऊ से पकड़े गए आतंकियों के एक और साथी मैजुल को नई दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया है। बिजनौर निवासी मैजुल दक्षिण अफ्रीका से लौटते ही पकड़ा गया।

विकास गहलोत उर्फ रौनक-- लोकेश उर्फ पपला पंडित-- साकिब उर्फ डेविल ---अरबाब
HighLights
दक्षिण अफ्रीका से लौटते ही मैजुल दिल्ली एयरपोर्ट पर गिरफ्तार।
युवाओं को पाकिस्तानी आतंकी संगठनों से जोड़ने का आरोप।
लखनऊ आतंकी गिरोह का सातवां साथी दबोचा गया।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। लखनऊ से गिरफ्तार किए गए आतंकियों के एक और साथी को नई दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया है। आरोपित की पहचान बिजनौर के सौफतपुर गांव निवासी मैजुल पुत्र शौकीन के रूप में हुई है। आरोपित दक्षिण अफ्रीका में नाई का काम करता था। साथ ही भारत में आतंक फैलाने के लिए युवाओं को पाकिस्तानी आतंकी संगठनों के साथ जोड़ रहा था।
आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने पिछली तीन अप्रैल को लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन के पास से चार आतंकियों साकिब, अरबाब, विकास व लोकेश को गिरफ्तार किया था। इनके पास से सात मोबाइल फोन बरामद किए गए थे।
इन मोबाइल फोन में आग लगाकर दहशत फैलाने, खिलौना कार से विस्फोट करने जैसी कई आतंकी वारदातों के वीडियो बरामद किए गए थे। इन्हीं वीडियो में एक वीडियो ग्रुप काल का भी था। इसमें दुबई निवासी आकिब एके-47 और हैंड ग्रेनेड के साथ दिखाई दे रहा था।
इस वीडियो में मैजुल के अलावा उवैद मलिक व आजाद भी शामिल थे। मैजुल ने अपनी इंस्टाग्राम आईडी से इस वीडियो को पोस्ट किया था। इसके बाद बिजनौर पुलिस ने थाना नांगल में मुकदमा दर्ज कर इसकी तलाश शुरू की थी। साथ ही एटीएस की सिफारिश पर विदेश मंत्रालय ने मैजुल, आकिब व आजाद की गिरफ्तारी के लिए लुक आउट नोटिस जारी किया था।
शनिवार को मैजुल जैसे ही दक्षिण अफ्रीका से नई दिल्ली अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचा सुरक्षा एजेंसियों ने उसे हिरासत में ले लिया। इसकी सूचना बिजनौर पुलिस को दी गई। बिजनौर पुलिस उसे गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है। आकिब व आजाद वर्तमान में सउदी अरब में हैं। एडीजी अमिताभ यश ने बताया कि आकिब और आजाद की भी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
ग्रुप वीडियो काल से आए घेरे में
हथियारों के प्रदर्शन वाली ग्रुप वीडियो काल की जानकारी सामने आने के बाद गिरफ्तार आतंकी साकिब ने पूछताछ में बताया था कि आकिब ने दुबई से पाकिस्तानी हैंडलर्स के साथ उसका संपर्क करया था।
इसके बाद उसने अरबाब, विकास व लोकेश सहित कई अन्य युवाओं को आतंकी संगठनों के लिए काम करने वाले पाकिस्तानी हैंडलर्स के साथ जोड़ा था। इस मामले में अभी तक साकिब, अरबाब, विकास, लोकेश, उवैद मलिक, जलाल हैदर, समीर उर्फ रुहान को गिरफ्तार किया जा चुका है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।