लखनऊ में बेटे ने AI से सीखा था मां की हत्या और सबूत मिटाने का तरीका, ऑनलाइन मंगवाया रिंच; डायरी में लिखी साजिश
लखनऊ में एक 17 वर्षीय नाबालिग ने अपनी मां की हत्या कर दी, जिसने हत्या की योजना बनाने और सबूत मिटाने के लिए एआई की मदद ली थी।
-1790952653361_m.webp)
बेटे ने AI से सीखा हत्या और सबूत मिटाने का तरीका।
HighLights
नाबालिग बेटे ने चार माह से मां की हत्या की योजना बनाई।
हत्या और सबूत मिटाने के लिए एआई की मदद ली।
ऑनलाइन रिंच मंगवाकर मां की हत्या की, डायरी में साजिश।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। मां का हत्यारोपित बेटा भले ही नाबालिग है, पर उसका दिमाग बेहद शातिर है। वह चार माह से मां को मौत के घाट उतारने की योजना बना रहा था। इससे एआई की मदद ले रहा था। एआइ से ही उसने हत्या करने और सबूत मिटाने का तरीका सीखा था।
इसके बाद हत्या करने के लिए ऑनलाइन सामान मंगवाए थे। उसके पास से मिली डायरी से यह सनसनीखेज जानकारी सामने आई है। उसमें उसने लिखा है- मां को कैसे मारें। पुलिस ने इस डायरी को अहम सबूत बनाया है।
नाका क्षेत्र में राजेंद्र नगर चौराहा स्थित विजन अपार्टमेंट के फ्लैट में गुरुवार रात करीब नौ बजे 17 साल के लड़के ने रिंच से सिर पर ताबड़तोड़ वार करके अपनी मां की हत्या कर दी थी। इसके बाद पिता और पुलिस को फोन करके इसकी जानकारी दी थी।
घटना की जगह से मिली डायरी
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस को हत्यारोपित बेटे की एक डायरी मिली है। उसमें हत्या करने और सबूत मिटाने की पूरी योजना लिखी है। डायरी के एक पन्ने के सबसे ऊपर लिखा है- मां को कैसे मारें? उसके नीचे बड़ा रिंच और बेहोश करने के लिए स्प्रे लिखा है। खून मिटाने के लिए उबले पानी का प्रयोग करने का जिक्र है। पुलिस ने उससे डायरी के बारे में पूछताछ की।
पता चला कि उसने एआई की मदद से मां की हत्या करने का तरीका सीखा था। जिस रिंच से मां को मारा था, उसे ऑनलाइन मंगवाया था। पुलिस को उसके पास से मोबाइल भी बरामद हुआ है, लेकिन उसने उसका पासवर्ड पुलिस को नहीं बताया है। पुलिस उसका लाक खोलवाकर जांच करेगी। मोबाइल से भी अहम जानकारी मिलने की संभावना है।
12 साल से खुद को मानने लगा था लड़की
परिवार के एक करीबी व्यक्ति ने बताया कि करीब 11-12 साल की उम्र में आरोपित के हार्मोन में बदलाव शुरू हुआ। वह लड़कियों की तरह व्यवहार करने लगा। परिवार के लोग इसका विरोध करते थे, तो उनसे झगड़ा करता था।
उसके परिवार ने इलाज शुरू कराया, लेकिन उम्र बढ़ने के साथ-साथ उसका व्यवहार पूरी तरह से लड़कियों जैसा हो गया। स्थिति यह थी कि कोई उसे टच करता था तो उसे छेड़खानी कहकर विरोध करता था। इन्हीं कारणों से घरवालों ने करीब चार माह पहले उसे किराए का कमरा लेकर दिया था, जहां वह अकेले रहता था।
पुलिस मान रही है कि इसी दौरान उसने मां की हत्या करने की योजना बनाई। नाका थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विवेक चौधरी ने बताया कि आरोपित की डायरी, रिंच, उसके कपड़े व अन्य सामान जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
