लखनऊ में शिक्षक को लिफ्ट लेना पड़ा भारी... बदमाशों ने अगवा कर बेरहमी से की मारपीट, मोबाइल और नकदी छीनी
लखनऊ में एक शिक्षक को कमता चौराहे से लिफ्ट देने के बहाने अगवा कर लिया गया। बदमाशों ने बीबीडी इलाके ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
शिक्षक को कमता चौराहे से अगवा किया गया।
बदमाशों ने मोबाइल और पांच सौ रुपये लूटे।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।
संवाद सूत्र, जागरण लखनऊ। कमता चौराहे से शिक्षक को लिफ्ट देने के बहाने बदमाशों ने अगवा कर लिया। बीबीडी इलाके में पहुंचे तो पिटाई कर मोबाइल और पांच सौ रुपये लूट लिए। किसान पथ पर आरोपित उन्हें छोड़कर फरार हो गए। पीड़ित ने बीकेटी थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
अयोध्या रोड की हश्न बिहार कॉलोनी निवासी किरन देवी ने बताया कि उनके पति बलराम पटेल बहराइच इंटर कॉलेज में तैनात हैं। 30 जनवरी की सुबह 8:20 बजे वह कमता चौराहे से बहराइच जाने के लिए घर से निकले। कमता टैक्सी स्टैंड से कुछ अज्ञात लोगों ने उन्हें लिफ्ट देने के बहाने थार में बैठा लिया।
किसान पथ पर पहुंचे तो आरोपित उन्हें धमकाने लगे। पति ने विरोध किया तो आरोपित मारपीट करने लगे। बदमाशों ने उनका मोबाइल फोन और पांच सौ रुपये छीन लिये। किसान पथ पर नगुवामऊ के पास बदमाश किसी से बताने पर जान से मारने की धमकी देते हुए उन्हें कार से उतारकर फरार हो गए।
घटना के बाद से उनके पति दहशत और सदमे में हैं। इंस्पेक्टर संजय कुमार सिंह ने बताया तहरीर के हिसाब से अपराध चिनहट थाना क्षेत्र का है, बीकेटी में महिला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। किसान पथ पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है।
