विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखनऊ में कैरियरों की रेकी कर पांच माह में चार करोड़ों की लूट, मास्टरमाइंड समेत छह गिरफ्तार

Published: Tue, 10 Nov 2026 04:51 PM (IST)

एसटीएफ ने लखनऊ में कैश कैरियरों को निशाना बनाने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस गिरोह ने पांच ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. एसटीएफ ने कैश कैरियरों को लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया।

  2. पांच माह में चार बड़ी वारदातों में करोड़ों की लूट की।

  3. मास्टरमाइंड दिनेश यादव समेत छह आरोपी गिरफ्तार, 48 लाख नकद बरामद।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। व्यापारियों की नकदी पर नजर रखने और कैश कैरियरों की रेकी कर लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का एसटीएफ ने राजफाश किया है। गिरोह ने पांच माह के भीतर गोमतीनगर, विभूतिखंड और आशियाना में चार व्यापारियों और उनके कैश कैरियरों को निशाना बनाकर करोड़ों रुपये लूटे थे।

एसटीएफ ने गिरोह के मास्टरमाइंड दिनेश चंद्र यादव उर्फ छोटू समेत छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 48 लाख 4500 रुपये, पिस्टल, कारतूस, कार, बाइक और सात मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार सिंह के मुताबिक, गिरोह के सदस्य कृषि उत्पाद और मसाला कारोबारियों के कैश कैरियरों की गतिविधियों पर नजर रखते थे। शहर के अलावा दूसरे जिलों और राज्यों से आने वाली नकदी की जानकारी जुटाई जाती थी। इसके बाद तय किया जाता था कि किस रास्ते और किस समय वारदात करनी है।

गिरोह के सदस्य बिना नंबर की कार से कैश कैरियरों का पीछा करते और मौका मिलते ही टक्कर मारकर गिरा देते थे। विरोध करने पर असलहा तानकर और लोहे की राड से हमला कर नकदी लूट लेते थे। गिरोह की तलाश में इंस्पेक्टर हेमंत भूषण सिंह के निर्देशन में टीम लगाई गई थी।

रविवार दोपहर करीब दो बजे एसटीएफ ने गोमतीनगर स्थित सहारा पुल के पास वाहन चेकिंग के दौरान छह संदिग्धों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में शहर में हुई चार लूट की घटनाओं का राजफाश हुआ।

एसटीएफ के मुताबिक, इन वारदातों में दिनेश यादव और सौरभ यादव की प्रमुख भूमिका थी। मोहित कनौजिया ने एक घटना में रेकी की थी। गिरोह के कुछ सदस्य पहले भी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

चार वारदातों में करोड़ों की लूट 

दो मई को विभूतिखंड के विराजखंड में व्यापारी भाविक परमार और उनके कर्मचारी परेश एस बराड से 22 लाख रुपये लूटे गए थे। तीन जुलाई को गोमतीनगर के विराटखंड में पटेल मितेश और पटेल जैमिन की स्कूटी में कार से टक्कर मारकर 45 लाख रुपये लूटे गए। तीन सितंबर को मेयो अस्पताल के पास कैश कैरियर अमृत लाल पाल से 80 लाख रुपये लूटे गए थे। वहीं, 24 अक्टूबर को आशियाना के सेक्टर-जी में गुजरात के कारोबारी के कैश कलेक्शन एजेंट प्रग्नेश से 60 लाख रुपये का बैग झपट लिया गया था।


ये छह आरोपित गिरफ्तार

दिनेश चंद्र यादव उर्फ छोटू, सौरभ यादव, अमन उर्फ रमन यादव, सौरभ दीक्षित, मोहित कनौजिया और ज्ञान सिंह।

उनके पास से 48 लाख 4500 रुपये नकद, एक पिस्टल, मैगजीन, दो कारतूस, मारुति बलेनो कार, बाइक और सात मोबाइल फोन। इसके अलावा पीड़ित का ड्राइविंग लाइसेंस, पहचानपत्र, पैन कार्ड और निर्वाचन कार्ड भी बरामद हुआ है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।