आग से 18 झोपड़ियां राख, पांच किमी तक दिखा धुएं का गुबार
लखनऊ के ऐशबाग स्थित तिलकनगर में बुधवार शाम झोपड़ियों में भीषण आग लग गई, जिससे करीब 18 झोपड़ियां जलकर राख हो गईं और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई दिया।

ऐशबाग में आग। तस्वीर- जागरण
HighLights
लखनऊ के तिलकनगर में 18 झोपड़ियां आग में जलकर राख।
चार दमकल गाड़ियों ने डेढ़ घंटे में आग पर पाया काबू।
विधायक ने अग्निपीड़ित परिवारों के लिए 25 लाख मुआवजे की मांग की।
संवाद सूत्र, लखनऊ। बाजारखाला के ऐशबाग स्थित तिलकनगर में मलका कर्बला के पीछे खाली जमीन पर बनी झोपड़ियों में बुधवार शाम आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास की झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। आग से करीब 18 झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। धुएं का गुबार करीब पांच किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। चार दमकल गाड़ियों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, आग अब्बास अली की झोपड़ी की दीवार के पास से शुरू हुई। कुछ ही देर में लपटें आसपास की झोपड़ियों तक पहुंच गईं। शहजहां अली, आमिर हुसैन, अल्ताफ, ताज हुसैन, मैनुल, जैरूल, अजहर, समीर हुसैन, चनवर अली, सुमेद अली, शरबत अली, रूखसाना बानो, मोहम्मद अमान, समद अली, इमरान, असलम और तर्रार हुसैन की झोपड़ियां जल गईं। सलमान, सादिक अली और जमाल का कबाड़ भी जल गया।
लैपटॉप जला, रोते हुए बोली- अब कैसे करूंगी पढ़ाई
आग में तर्रार हुसैन की बेटी रोशनी का लैपटाप भी जल गया। उसका रो-रोकर बुरा हाल था। वह बार-बार यही कह रही थी कि समय पर दमकल की गाड़ियां पहुंच जातीं तो इतना बड़ा नुकसान नहीं होता। रोशनी ने बताया कि घर की पूरी गृहस्थी और जरूरी सामान के साथ उसका लैपटाप भी जल गया। अब वह पढ़ाई कैसे करेगी। स्थानीय पार्षद राजीव बाजपेयी ने उसे और झोपड़ियों में रहकर पढ़ाई करने वाले अन्य बच्चों की मदद का आश्वासन दिया।
विधायक ने राहत और मुआवजे की मांग की
मध्य विधानसभा क्षेत्र के विधायक रविदास मेहरोत्रा मौके पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से फोन पर बात कर बिजली की व्यवस्था, खाने-पीने का सामान और टेंट लगवाने के निर्देश दिए। उन्होंने सरकार से अग्निपीड़ित परिवारों को 25-25 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की।
कूड़ा उठाने का काम करते हैं अधिकांश परिवार
खाली जमीन को लेकर उच्च न्यायालय में मामला विचाराधीन है। यहां काफी समय से लोग झोपड़ियां डालकर रह रहे हैं। इनमें अधिकांश लोग कूड़ा बीनने का काम करते हैं। कई लोग नगर निगम की डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने वाली एजेंसी में काम करते हैं। इनमें अधिकांश परिवार असम के रहने वाले हैं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी अंकुश मित्तल ने कहा कि आग से कोई जनहानि नहीं हुई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।