लखनऊ में 25 स्कूली बच्चों को ले जा रही बस में लगी आग, एक बच्चे का हाथ झुलसा
लखनऊ के इटौंजा में बच्चों को स्कूल ले जा रही बस में आग लग गई, जिसमें 25 बच्चे सवार थे। ...और पढ़ें
-1789872954727_m.webp)
इटौंजा में स्कूल बस में लगी आग बुझाते ग्रामीण और घायल बच्चा
HighLights
चलती स्कूल बस में अचानक लगी आग, 25 बच्चे सवार थे।
चालक और ग्रामीणों ने सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।
एक नर्सरी छात्र का हाथ झुलसा, स्कूल पर कार्रवाई की तैयारी।
जागरण टीम, लखनऊ। बच्चों को स्कूल लेकर जा रही बस में शनिवार सुबह आग लग गई। यह घटना इटौंजा के बगहा के पुरवा गांव के पास हुई, जब चलती बस से आग की लपटें निकलने लगी। बस में 25 बच्चे सवार थे और कुछ ही देर में बच्चों में चीख-पुकार मच गई।
उन्होंंने चालक से कहा, अंकल बस में आग लग गई है और तत्काल उसे रोको। गनीमत रही कि चालक ने समय रहते बस रोक दी और ग्रामीणों की मदद से सभी बच्चों को बाहर निकाल लिया। हादसे में पांच वर्षीय नर्सरी छात्र वेदांत शुक्ल का हाथ झुलस गया। उसे स्वजन ने सीएचसी इटौंजा में भर्ती कराया।
बस में आग लगने का कारण तार शॉर्ट सर्किट होना बताया जा रहा है, जिससे बस के भीतर धुआं भरने लगा था। एआरटीओ आलोक यादव ने शार्प ग्लोबल स्कूल प्रबंधक और प्रधानाचार्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। स्कूल की मान्यता खत्म करने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक को पत्र लिखा गया है।
एआरटीओ के मुताबिक बस का पंजीकरण अलीगढ़ का है, जबकि उसका संचालन गलत तरह से लखनऊ में किया जा रहा था, जिसका फिटनेस नहीं। एनओसी एटा से ली गई है। शार्प ग्लोबल स्कूल में कुल 17 बसें है, घटना के बाद हुई जांच में 13 बसें अनफिट पाई गई हैं।
बच्चों में मची चीख-पुकार
हादसे के बाद बस को स्कूल परिसर में खड़ा कराया गया है। उसे सीज करने की कार्रवाई की जा रही है। चालक सुरेश कुमार जमखनवा गांव से 25 बच्चों को लेकर सुबह के समय स्कूल जा रहे थे। बगहा के पुरवा के पास अचानक बस में धुआं उठने लगा। बच्चों ने आग देखी तो चालक से बस रोकने को कहा। चालक ने तत्काल बस रोक दी। इसके बाद ग्रामीणों और चालक ने एक-एक कर बच्चों को बस से बाहर निकाला।
नर्सरी के छात्र शिवांश ने बताया कि बस में धुआं देखकर वह डर गया था। अव्यांश अवस्थी के मुताबिक आग लगते ही सभी बच्चे जोर-जोर से चिल्लाने लगे। कक्षा एक की अर्चिता आग देखकर रोने लगी। उसके साथ बैठे बड़े भाई पीयूष ने उसे बस से बाहर निकाला।
छात्र दक्ष के ताऊ रवींद्र कुमार भी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे और उसे अपने साथ घर ले गए। इटौंजा थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार यादव के मुताबिक लापरवाही किस स्तर पर हुई, इसकी जांच और पूछताछ की जा रही है। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
यह भी पढ़ें- 6 अक्टूबर को लखनऊ में भारत-वेस्टइंडीज का महामुकाबला, 399 रुपये से टिकट शुरू; ऐसे करें ऑनलाइन बुक
धुएं से बच्चों के बेहोश होने का आरोप
अभिभावक ऋषि तिवारी और विशाल बाबू ने स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बस में धुआं भरने से कई बच्चे बेहोश हो गए थे। हादसे के बाद बच्चे काफी डरे हुए हैं। दोनों अभिभावकों ने इटौंजा थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
छात्रों के पेपर होने के कारण बस को आपात स्थिति में भेजा गया था। उनके मुताबिक शॉर्ट सर्किट से आग लगी। चालक और ग्रामीणों ने सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बाद में दूसरी बस से बच्चों को स्कूल पहुंचाया गया।
प्रदीप पांडेय, स्कूल प्रबंधक।
