लखनऊ में पुलिस और दुकानदार भिड़े, उपद्रव करने वालों को पुलिस ने पकड़ा
लखनऊ के आशियाना स्थित मंगल बाजार में सड़क पर दुकान लगाने को लेकर पुलिस और दुकानदारों के बीच झड़प हो गई।
-1793724819624_m.webp)
विवाद बढ़ने पर दुकानदारों ने पुलिसकर्मियों को पीटा, जिसके बाद अतिरिक्त बल ने हल्का प्रयोग कर तीन लोगों को हिरासत में लिया और मामला दर्ज किया।
HighLights
लखनऊ आशियाना में पुलिस और दुकानदारों में झड़प।
सड़क पर दुकान लगाने को लेकर हुआ विवाद।
पुलिसकर्मियों को पीटने पर तीन दुकानदार हिरासत में।
संवाद सूत्र, लखनऊ। आशियाना में पीडब्ल्यूडी कालोनी के सामने मंगल बाजार के दुकानों ने मंगलवार को पुलिसकर्मियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। बाद में पहुंचे अतिरिक्त पुलिसकर्मियों ने हल्का बल प्रयोग करके उन्हें मौके से हटाया। एक महिला समेत तीन दुकानदारों को हिरासत में लिया। मामले में तीन नामजद और चार दर्जन अज्ञात दुकानदारों के खिलाफ आशियाना थाने में मुकदमा दर्ज हुआ।
पीडब्ल्यूडी कॉलोनी के सामने हर मंगलवार को साप्ताहिक बाजार लगता है। बताया गया कि मंगलवार को तमाम दुकानदारों ने बीच सड़क पर दुकानें सजा ली थीं। बंगला बाजार चौकी पर तैनात महिला सिपाही समेत दो पुलिसकर्मी शाम करीब साढ़े चार बजे बाजार में पहुंचे। उन्होंने दुकानदारों से सड़क के किनारे दुकान लगाने को कहा। आरोप है कि दुकानदारों ने इसका विरोध किया। उन्होंने कहा कि हमेशा से यहीं बाजार लग रहा है। त्योहार में दुकान लेकर कहां जाएं। इस दौरान विवाद हो गया।
पुलिसकर्मियों और दुकानदारों में तीखी नोकझोंक के बाद हाथापाई हुई। पुलिसकर्मियों ने थाने पर फोन करके अतिरिक्त फोर्स बुलाई। इसके बाद हल्का बल प्रयोग किया। इसके बाद दुकानदार तितर-बितर हुए। पुलिस मौके पर मिले दुकानदार अंकित जायसवाल, उसकी मां माया देवी और राम किशन को पकड़कर आशियाना थाने ले गई। बंगला बाजार चौकी प्रभारी संदीप ठाकुर ने आरोप लगाया कि अंकित, माया देवी व राम किशन समेत लगभग चार दर्जन अज्ञात लोगों ने पुलिसकर्मियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।
आशियाना थाना प्रभारी गजेंद्र कुमार राय ने बताया कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी संजय सरोज और महिला पुलिसकर्मी कंचन ने सड़क से अवैध दुकानें हटाने को कहा था। इस पर कपड़े की दुकान लगाने वाले अंकित जायसवाल और उसकी मां माया देवी ने अन्य दुकानदारों के साथ मिलकर महिला पुलिसकर्मी से अभद्रता और मारपीट की। सूचना पर चौकी प्रभारी संदीप ठाकुर पुलिस बल के साथ पहुंचे। आरोपियो को हिरासत में लेकर थाने ले आए।