विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखनऊ में महिला को बच्चा चोर बता उल्टा लटकाकर पीटने का आरोप, चौकी प्रभारी भी लाइन हाजिर

Published: Tue, 17 Nov 2026 03:23 PM (IST)

लखनऊ के इंदिरानगर में एक महिला को बच्चा चोर बताकर पीटने और उल्टा लटकाने के मामले में मानस सिटी चौकी प्रभारी अर्जुन सिंह को लाइन हाजिर किया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. महिला को बच्चा चोर बताकर उल्टा लटकाकर पीटा गया।

  2. चौकी प्रभारी अर्जुन सिंह को लाइन हाजिर किया गया।

  3. पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगा था।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। इंदिरानगर में महिला को बच्चा चोर बताकर रस्सी से बांधकर उल्टा लटकाने और पिटाई करने के मामले में मानस सिटी पुलिस चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अर्जुन सिंह को भी लाइन हाजिर कर दिया गया। इससे पहले 12 अक्टूबर को भी दारोगा गौरव और सिपाही शेर बहादुर को लाइन हाजिर किया गया था। इन तीनों पर मामले में लापरवाही बरतने का आरोप है। मामले की जांच सहायक पुलिस आयुक्त विभूतिखंड कर रही हैं।

जांच अधिकारी की भूमिका पर पति ने उठाए थे सवाल

पीड़िता लक्ष्मी रावत के पति संदीप रावत ने चौकी प्रभारी की भूमिका पर गंभीर आरोप लगाए थे। उनका कहना था कि घटना वाले दिन लक्ष्मी करीब तीन घंटे तक मानस सिटी चौकी में बेहोश पड़ी रही। पुलिसकर्मियों ने उसे मानसिक रूप से कमजोर बताकर मामले को टालने की कोशिश की। चौकी प्रभारी अर्जुन सिंह ने चार दिन तक उन्हें चक्कर कटवाए और उल्टा परिवार को ही फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।

छह अक्टूबर को हुई थी घटना

बाराबंकी के मूल निवासी संदीप रावत पत्नी लक्ष्मी और चार बच्चों के साथ सुग्गामऊ में करीब 25 साल से रह रहे हैं। आरोप है कि छह अक्टूबर को झुग्गी बस्ती में रहने वाले लोगों ने लक्ष्मी को बच्चा चोर बताकर रस्सी से बांधकर उल्टा लटका दिया और पिटाई की थी।

स्थानीय पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत के बाद 10 अक्टूबर को मुकदमा दर्ज हुआ। इसके बाद पुलिस ने सात आरोपितों को गिरफ्तार किया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।