लखनऊ में पुलिस की मदद से परवान चढ़ा आठ वर्ष पुराना प्यार, महिला थाना प्रांगण में हुआ विवाह
लखनऊ पुलिस कमिश्नरी लखनऊ के महिला थाने में 17 फरवरी को आपसी रजामंदी के साथ एक प्रेमी युगल का विवाह सम्पन्न कराया गया।
लखनऊ, जेएनएन। पुलिस कमिश्नर सुजीत पाण्डेय के निर्देश पर लखनऊ पुलिस ने प्रेमी-प्रेमिका की बड़ी मदद की। इनका आठ वर्ष का प्यार महिला थाना में परवान चढ़ा। सोमवार को पुलिस ने इस प्रेमी जोड़े का विवाह सम्पन्न कराया।
लखनऊ पुलिस कमिश्नरी लखनऊ के महिला थाने में 17 फरवरी को आपसी रजामंदी के साथ एक प्रेमी युगल का विवाह सम्पन्न कराया गया। महानगर की रहने वाली किरण कनौजिया और बालागंज के मनीष कनौजिया का विवाह कल महिला थाना में हो गया। किरण कनौजिया बीटेक की छात्रा हैं तो ग्रेजुएट मनीष प्राइवेट नौकरी के साथ पढ़ाई कर रहा है।
बालागंज निवासी मनीष को करीब आठ वर्ष पहले अपने ननिहाल महानगर आने-जाने के दौरान उसी मोहल्ले में रहने वाली किरण से प्रेम हो गया था। तमाम उतार-चढ़ाव के बीच यह संबंध पिछले आठ साल से बरकरार था। विवाह की बात भी चलाई गई, लेकिन किरण के परिवार वाले इस रिश्ते पर राजी नहीं थे। मनीष तो किरण से ही विवाह करने की जिद पर अड़ा था। किरण के परिवार ने मनीष के खिलाफ लखनऊ के महिला थाने में अर्जी भी दे रखी थी। इसके बाद लड़की के घर वालों से डरे लड़के वाले पुलिस कमिश्नर आवास पहुंचे। कमिश्नर सुजीत पाण्डेय ने इनको महिला थाना भेजा।
यहां पर महिला थाने की प्रभारी इंस्पेक्टर शारदा चौधरी ने दोनों की कहानी सुनी। यह दोनों शादी के लिए राजी थे। दोनों से बात करने के बाद इंस्पेक्टर ने इस पर किरण और मनीष के परिवारों को भी थाने बुला लिया। यहां पर मनीष तथा किरण ने एक दूसरे के गले में वरमाला डाली। यहां पर थोड़ी कहासुनी के बाद दोनों परिवार शादी के लिए तैयार हो गए।
किरण के परिवार का कहना था कि शादी के बाद किरण को अपनी ससुराल यानी मनीष के घर में रहना होगा। किरण का परिवार उसे अपने साथ रखने को फिलहाल राजी नहीं हुआ। महिला थाना इंस्पेक्टर ने अधिकारियों को इसकी जानकारी दी और दोनों परिवारों की सहमति से विवाद को सुलझाया गया और थाना परिसर में ही किरण मनीष की शादी करवा दी गई। अब दोनों अपने परिवार के साथ हैं।