लखनऊ पुलिस कमिश्नर डीके ठाकुर बोले, 'सोशल मीडिया चुनौती है, इससे निपटकर आगे बढ़ेंगे'
पुलिस आयुक्त ने समय से विवेचना कर मामले के निस्तारण को प्राथमिकता देने की बात कही। बोले माफिया के खिलाफ कार्यवाही जारी रहेगी। मिशन शक्ति के तहत महिला अपराध पर नियंत्रण किया जाएगा। ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर की जाएगी।
लखनऊ, जेएनएन। राजधानी के दूसरे पुलिस कमिश्नर डीके ठाकुर ने मंगलवार देर रात में कार्यभार ग्रहण करने के बाद बुधवार को काम शुरू कर दिया। पुलिस लाइन में वह मीडिया से मुखातिब हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया चुनौती है। इससे निपट कर आगे बढ़ेंगे और लोगों की समस्याओं का निदान करेंगे। उन्होंने मातहतों को जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए और कहा कि किसी भी हालत में फरियादियों को शिकायत का मौका न दें।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि बतौर एसएसपी वह लखनऊ की कमान संभाल चुके हैं। हालांकि वर्ष 2012 से वर्ष 2020 के बीच में काफी कुछ बदल चुका है। उन्होंने मुख्यमंत्री को उन पर भरोसा करने के लिए आभार जताया और कहा कि यह मेरी उपलब्धि है। पुलिस आयुक्त ने समय से विवेचना कर मामले के निस्तारण को प्राथमिकता देने की बात कही। बोले, माफिया के खिलाफ कार्यवाही जारी रहेगी। मिशन शक्ति के तहत महिला अपराध पर नियंत्रण किया जाएगा। ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर की जाएगी। सोशल मीडिया के फायदे और नुकसान दोनों हैं। इससे जानकारी मिलती है। हालांकि कई बार अफवाह भी फैल जाती है और माहौल तनावपूर्ण हो जाता है। इसका पुलिस खंडन भी करती है, लेकिन इसमे समय लग जाता है। इस चुनौती से लड़कर पुलिसिंग और बेहतर की जाएगी।
शराब कांड की करेंगे मॉनिटर
बंथरा शराब कांड मामले में पुलिस आयुक्त ने पूरे प्रकरण की मॉनिटरिंग खुद करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि वह अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाएंगे। कुछ लोगों ने इसे कुटीर उधोग बना लिया है। सरकारी शराब की दुकान में धांधली सामने आई है। इस बाबत जांच रिपोर्ट के आधार लर आगे की कार्यवाही की जाएगी।