लखनऊ खंड स्नातक चुनाव में त्रिकोणीय मुकाबला तय, भाजपा, सपा, बसपा ने भरे पर्चे
लखनऊ खंड स्नातक चुनाव में भाजपा, सपा और बसपा के उम्मीदवारों के पर्चा दाखिल करने से त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिलेगा।

HighLights
लखनऊ खंड स्नातक चुनाव में भाजपा, सपा, बसपा के बीच त्रिकोणीय मुकाबला।
कुल 19 उम्मीदवारों ने नामांकन प्रक्रिया के पांचवें दिन पर्चे भरे।
खंड शिक्षक निर्वाचन के लिए भाजपा और सपा प्रत्याशियों ने नामांकन किया।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। विधान परिषद लखनऊ खंड स्नातक चुनाव में त्रिकोणीय मुकाबला होगा। सोमवार को भाजपा, सपा के साथ बसपा के भी उम्मीदवार ने पर्चा दाखिल किया, जबकि लखनऊ खंड शिक्षक निर्वाचन के लिए भाजपा और सपा के प्रत्याशी ने नामांकन किया। नामांकन प्रक्रिया के पांचवें दिन कुल 19 उम्मीदवारों ने नामांकन किए। चार संभावित प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र लिए।
नामांकन की प्रक्रिया मंडलायुक्त कार्यालय में चल रही है। मंडलायुक्त एवं रिटर्निंग आफिसर विजय विश्वास पंत ने बताया कि खंड शिक्षक के लिए भाजपा उम्मीदवार लालगंज अजहरा व प्रतापगढ़ के उमेश द्विवेदी, सपा प्रत्याशी मानस नगर, लखनऊ के सुशील कुमार ने नामांकन किया।
इनके अलावा पारा, लखनऊ के आशीष कुमार सिंह, राजाजीपुरम, लखनऊ के जितेंद्र नाथ मिश्रा, मानस नगर, लखनऊ के देवेंद्र कुमार सिंह, शास्त्री नगर लखीमपुर खीरी के धीरेंद्र सिंह व अहियापुर रायबरेली के जग जीवन प्रसाद शुक्ल ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में पर्चा भरा।
खंड स्नातक के लिए भाजपा प्रत्याशी हरदोई के अवनीश कुमार सिंह, सपा उम्मीदवार मानस नगर की कांति सिंह व बहुजन समाज पार्टी प्रत्याशी डलमऊ रायबरेली के चंद्रभान मौर्य ने नामांकन किया।
मानस नगर लखनऊ के हर्षित सिंह, इंदिरा नगर विस्तार योजना, रायबरेली के सुशील दुबे, सदरपुर, हरदोई के अवनीश पटेल, बट्सगंज, सीतापुर के अवनीश कुमार पांडेय, अतरौरा मीरपुर, प्रतापगढ़ के अवनीश सिंह, माधोगंज, हरदोई के अविनाश कुमार सिंह, सरोसा भरोसा लखनऊ के विजय कुमार, रिवर बैंक कालोनी, लखनऊ की डाॅ. स्मिता मिश्रा व जगतपुर, रायबरेली के धर्मेंद्र सिंह ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन किया।
खंड शिक्षक के लिए डिडौई पट्टी, प्रतापगढ़ के रवीद्र कुमार त्रिपाठी, टंडियांवा, हरदोई के विद्या सागर व शास्त्री नगर, लखीमपुर खीरी के धीरेंद्र सिंह पर्चे दाखिल लिए। खंड स्नातक के लिए बख्शी का तालाब के अभिषेक कुमार नामांकन पत्र लिया। सभी ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में पर्चे लिए।
