विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखनऊ में ट्रैफिक जाम से मेट्रो दे रही राहत, चार दिनों में एक लाख से अधिक यात्रियों ने किया सफर

Published: Fri, 06 Nov 2026 06:51 PM (IST)

Lucknow Metro: तीन नवंबर को लगभग 1.10 लाख यात्रियों के साथ सर्वाधिक दैनिक राइडरशिप दर्ज की गई।

लखनऊ में ट्रैफिक जाम से मेट्रो दे रही राहत

लखनऊ में ट्रैफिक जाम से मेट्रो दे रही राहत

HighLights

  1. जागरूकता अभियानों से लखनऊ मेट्रो के प्रति बढ़ रहा लोगों का भरोसा

  2. तीन नवंबर को लगभग 1.10 लाख यात्रियों के साथ दर्ज दैनिक राइडरशिप

जागरण संवाददाता, लखनऊ : यूपीएमआरसी की ओर से सालभर चलाए जा रहे जागरूकता व जनसंपर्क अभियानों से लोगों में मेट्रो के प्रति जागरूकता और भरोसा बढ़ रहा है। सकारात्मक परिणाम लखनऊ मेट्रो की राइडरशिप में भी देखने को मिल रहा है।

त्यौहार के कारण सड़कों पर लंबे जाम से बचने के लिए पिछले चार दिनों के दौरान लगातार प्रतिदिन एक लाख से अधिक यात्रियों ने मेट्रो में सफर किया। तीन नवंबर को लगभग 1.10 लाख यात्रियों के साथ सर्वाधिक दैनिक राइडरशिप दर्ज की गई।

पिछले चार दिनों के स्टेशनवार आंकड़ों के अनुसार, हजरतगंज मेट्रो स्टेशन पर प्रतिदिन लगभग 11 हजार और चारबाग स्टेशन पर 10 से 11 हजार यात्रियों की आवाजाही दर्ज की गई। विश्वविद्यालय और अमौसी स्टेशनों पर यह संख्या लगभग सात से आठ हजार, जबकि सिंगार नगर स्टेशन पर छह से सात हजार रही।

यूपीएमआरसी के आपरेशंस एवं जनसंपर्क विभाग हर महीने औसतन 300 जागरूकता व जनसंपर्क गतिविधियां आयोजित कर रहा है। इनके माध्यम से लोगों को मेट्रो सेवाओं और सार्वजनिक परिवहन के लाभों की जानकारी दी जाती है। सोशल मीडिया पर भी नियमित अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को मेट्रो से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाता है।

मेट्रो का समयबद्ध एवं विश्वसनीय संचालन यात्रियों को ट्रैफिक जाम की चिंता के बिना निर्धारित समय पर गंतव्य तक पहुंचने की सुविधा देता है। साथ ही, निजी वाहनों पर निर्भरता कम कर मेट्रो प्रदूषण घटाने में भी सहायक है।

यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा कि लखनऊ वासियों का मेट्रो पर बढ़ता भरोसा हमारे लिए उत्साहजनक है। हमारा प्रयास है कि बेहतर यात्री सुविधाओं और जागरूकता अभियानों के माध्यम से अधिक से अधिक लोग सार्वजनिक परिवहन को अपनाएं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।